महिला थाना अल्मोड़ा में आयोजित हुई जागरुकता गोष्ठी, साईबर क्राईम, महिला अपराध/सुरक्षा सहित उनके अधिकारों व हेल्पलाइन नंबर आदि विषयों पर दी जानकारी।

अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा अल्मोड़ा द्वारा छात्र – छात्राओं, घरेलू/कामकाजी महिलाओं व आमजन को अपराधों एवं सुरक्षा के प्रति जागरुक किए जाने हेतु जनपद स्तर पर वृहद जागरुकता अभियान चलाया गया है।

इस क्रम में आज सोमवार को थानाध्यक्ष महिला थाना अल्मोड़ा सुश्री मीना आर्या के नेतृत्व में महिला थाना अल्मोड़ा में जागरुकता गोष्ठी आयोजित की गई। महिला थाना पुलिस टीम द्वारा गोष्ठी में उपस्थित लोगों को विभिन्न महत्त्वपूर्ण विषयों के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरुक किया गया।

साईबर जागरुकता कार्यक्रम में महिलाओं को वर्तमान में विभिन्न माध्यमों से घटित हो रहे साईबर क्राईम के प्रति जागरुक करते हुए फोन कॉल पर किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाता, एटीएम कार्ड व ओटीपी आदि की जानकारी नहीं देने और किसी अंजान लिंक व क्यूआर कोड को स्कैन न करने के बारे में बताते हुए सुरक्षा के अन्य तरीके बताए गए तथा इस जानकारी को अन्य लोगों तक पहुंचाकर उनको जागरुक करने हेतु प्रेरित किया गया।

नशे के दुष्प्रभावों से जागरुक करते हुए सभी को अपने बच्चों की गतिविधियों की निगरानी करने और गांव या आस – पास नशे से सम्बंधित सामान बेचने वालों की सूचना पुलिस को देने हेतु बताया गया। महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की जानकारी भी दी। इस दौरान महिलाओं से सम्बन्धित अपराधों यौन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, मानव तस्करी आदि के बारे में बताकर उनके अधिकारों/कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई, तथा सोशल मीडिया के प्रयोग के सम्बन्ध में जागरुक करते हुए किसी भी अंजान व्यक्ति से बात नहीं करने और अपनी निजी जानकारी किसी से शेयर नहीं करने हेतु बताया गया।

गौरा शक्ति में महिलाओं को उनकी सुरक्षा के प्रति सजग करते हुए गौरा शक्ति मॉडयूल व इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी देकर गौरा शक्ति में रजिस्ट्रेशन करवाया गया, तथा विषम परिस्थितियों में इसका उपयोग करने हेतु बताया गया। हेल्प लाइन नंबर में इसके उपरांत सभी को महिला थाना के हेल्पलाइन नंबर व पुलिस हेल्पलाइन नंबर डायल 112, साईबर क्राईम हेल्पलाईन नंबर 1930, महिला हेल्पलाईन नंबर 1090 की जानकारी दी गई और कोई भी समस्या/शिकायत होने पर तत्काल सूचना देने हेतु बताया गया।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *