बांग्लादेश हिंसा- भारत पहुंची शेख हसीना, हिंडन एयरबेस पर लैंड हुआ विमान, भारत ने बांग्लादेश के साथ सभी रेल सेवाएं की निलंबित।
नई दिल्ली। पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश में भड़की हिंसा की आग ने आज सोमवार को विकराल रुप धारण कर लिया। बिगड़े हालातों के बीच प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस्तीफा देते हुए देश छोड़ दिया है। ताजा खबरों के मुताबिक शेख हसीना जिस विमान से निकली थी, वह गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर लैंड हो चुका है। इससे पहले बांग्लादेश से आई तस्वीरों में पता चला कि ढाका में प्रधानमंत्री के आवास पर भीड़ ने कब्जा कर लिया।

इसके बाद देश के सेना चीफ वकर-उज-जमान ने राष्ट्र को संबोधित कर कहा कि अंतरिम सरकार देश को चलाएगी। उन्होंने कहा कि वह देश में शांति वापस लाएंगे। उन्होंने अपने देश के नागरिकों से हिंसा रोकने का आग्रह भी किया। रविवार को बांग्लादेश में सड़कों पर हुई हिंसक झड़पों में अब तक कम से कम 300 लोगों की मौत हो गई है। प्रदर्शनकारियों ने आज लगाए गए कर्फ्यू का पालन नहीं करते हुए ढाका तक लंबा मार्च बुलाया।

इधर बीएसएफ ने सोमवार को बांग्लादेश में हुए घटनाक्रम के मद्देनजर 4,096 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा पर अपनी सभी यूनिट के लिए सोमवार को हाई अलर्ट जारी किया है। उन्होंने बताया कि बीएसएफ के कार्यवाहक महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी और अन्य वरिष्ठ कमांडर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए कोलकाता पहुंच गए हैं।
इस बीच भारतीय रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार बांग्लादेश में हाल ही में हुए हिंसक घटनाक्रमों के मद्देनजर भारत ने बांग्लादेश के साथ सभी रेल सेवाएं निलंबित कर दी हैं। भारतीय रेलवे के अनुसार 19 जुलाई से 6 अगस्त तक बांग्लादेश जाने वाली कोलकाता-ढाका-कोलकाता मैत्री एक्सप्रेस ट्रेन समेत सभी ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गई थी।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण









