भिकियासैंण महाविद्यालय में 21 दिवसीय मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण, स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय निवासियों के लिए 21 दिवसीय निःशुल्क मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण का शीघ्र आयोजन किया जाएगा।

महाविद्यालय द्वारा छात्र-छात्राओं और स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए यह अभिनव पहल की गई है। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय निवासियों के लिए पैलाग फाउंडेशन, अल्मोड़ा के सहयोग से 21 दिवसीय ‘मौन पालन’ (मधुमक्खी पालन) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 07 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क है, जिसका उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है।

स्थानीय निवासियों के लिए अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है।

पंजीकरण के समय 04 पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, हाईस्कूल व इंटरमीडिएट प्रमाण पत्र तथा बीपीएल कार्ड की छायाप्रति (यदि उपलब्ध हो) लाना अनिवार्य है।

21 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में विशेषज्ञों द्वारा मधुमक्खी पालन की वैज्ञानिक बारीकियों, शहद के प्रसंस्करण एवं विपणन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर शर्मिला सक्सेना ने स्थानीय निवासियों एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अभ्यर्थी पंजीकरण हेतु महाविद्यालय की कौशल विकास समिति से संपर्क कर सकते हैं।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *