भतरौंजखान पुलिस ने मानसिक रोग से पीड़ित महिला को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा।
भिकियासैंण। थाना भतरौंजखान क्षेत्र में भटक रही मानसिक रुप से अस्वस्थ महिला को 100 किमी. दूर पौड़ी गढ़वाल जाकर भतरौंजखान पुलिस ने उसके परिजनों के सकुशल सुपुर्द किया। दिनांक 16.03.2025 की रात्रि भतरौंजखान पुलिस को एक महिला भौनखाल क्षेत्र में भटकते हुए मिली जो मानसिक रुप से अस्वस्थ्य प्रतीत हो रही थी, अपना नाम पता भी नहीं बता पा रही थी, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से महिला पुलिसकर्मियों की देख-रेख में थाना भतरौंजखान दाखिल किया गया।
थानाध्यक्ष भतरौंजखान सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा महिला के परिजनों के सम्बन्ध में सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से जानकारी जुटानी शुरु की गई। टीम के अथक प्रयासों से महिला के परिजनों के बारे में जानकारी प्राप्त हुई, जिस पर दिनांक 18.03.2025 को पुलिस टीम द्वारा निजी वाहन से महिला के निवास स्थान लगभग 100 किलोमीटर दूर थलीसैड़ क्षेत्र जनपद पौड़ी गढ़वाल में जाकर सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिजनों द्वारा अल्मोड़ा पुलिस टीम के इस पुनीत कार्य की सराहना की गई।
भतरौंजखान पुलिस टीम में –
1- अपर उ. नि. मोहन चन्द्रा प्रभारी चौकी भौनखाल
2- हेड कानि. देवेन्द्र गोस्वामी
3- महिला कानि. सुश्री पूजा देवी शामिल रहे।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण








