सीओ रानीखेत ने थाना भतरौंजखान का किया अर्द्धवार्षिक निरीक्षण।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। पुलिस उपाधीक्षक रानीखेत विमल प्रसाद द्वारा आज शनिवार को थाना भतरौंजखान का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर स्थित सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, कर्मचारी बैरक एवं भोजनालय आदि का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जाँच की। इस दौरान थाना परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई।

थाने के समस्त अभिलेखों का गहन निरीक्षण करते हुए सभी प्रविष्टियों को चेक किया गया तथा कार्यालय स्टाफ को अभिलेखों को अध्यावधिक एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीएनएस कार्यों की समीक्षा करते हुए नियुक्त कार्मिकों को ऑनलाइन जीडी, आईआईएफ फॉर्म समय पर फीड करने एवं सभी पोर्टलों को नियमित रुप से चेक कर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, वारंटों की तामीली एवं निरोधात्मक कार्यवाही की समीक्षा की गई। लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण, वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली तथा थाने में लंबित माल एवं मुकदमाती वाहनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही अभिलेखों को अद्यतन रखने, कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने, सरकारी संपत्ति के समुचित रख-रखाव, तथा थाने में आने वाले आगंतुकों एवं शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए।

बीटों में नियुक्त कर्मचारियों को अपने-अपने बीट क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण करने, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने, व्यापक सत्यापन अभियान एवं जनजागरुकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के उपरांत सम्मेलन आयोजित कर कर्मचारियों की समस्याएं सुनी गई तथा उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष भतरौंजखान अवनीश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *