डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण के छात्र-छात्राएं डॉ. डी.डी. पंत स्मारक बाल विज्ञान खोजशाला बेरीनाग में लेंगे प्रशिक्षण।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण के छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, प्रशिक्षण प्रदान करने तथा उन्हें नवाचार से जोड़ने के उद्देश्य से महाविद्यालय द्वारा आगामी दिनों में डॉ. डी.डी. पंत स्मारक बाल विज्ञान खोजशाला बेरीनाग के भ्रमण का निर्णय लिया गया है।
इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. परितोष उप्रेती द्वारा किया जाएगा। इसके लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं भूगोल विभाग के प्राध्यापक डॉ. परितोष उप्रेती एवं कॉमर्स विभाग के प्राध्यापक डॉ. राजीव कुमार से संपर्क करें।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को विज्ञान के सिद्धांतों को प्रत्यक्ष रुप से देखने और समझने का अवसर मिलेगा। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर शर्मिला सक्सेना ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में रचनात्मकता, जिज्ञासा और शोध की भावना उत्पन्न करना है।
उन्होंने कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण छात्र-छात्राओं के भविष्य में जीविकोपार्जन एवं कौशल विकास में सहायक सिद्ध होगा। भ्रमण की तिथि शीघ्र ही घोषित की जाएगी।



