दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर भाजपा हार रही है – अरविन्द केजरीवाल।
तुग़लकाबाद विधानसभा के पुल प्रह्लादपुर में केजरीवाल की जनसभा में कार्यकर्ताओं में दिखा जोश, अरविन्द केजरीवाल ने कहा दिल्ली की सभी सीटों पर इंडिया गठबंधन भारी मतों से जीतेगा। (विशेष संवाददाता – कुन्दन)
दक्षिणी दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं सीएम अरविंद केजरीवाल ने रविवार दक्षिणी दिल्ली से आम आदमी पार्टी प्रत्याशी सहीराम पहलवान के समर्थन में तुग़लकाबाद विधानसभा से पुल प्रह्लादपुर में जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान केजरीवाल ने कहा, ”मुझे 2 जून को वापस जेल जाना है। मैं जेल के अंदर ही 4 जून को चुनाव के नतीजे देखूंगा। अगर आइएनडीआइ गठबंधन की सरकार सत्ता में आती है तो मैं 5 जून को वापस आ जाऊंगा।” उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि दिल्ली लोकसभा की सभी सीट इंडिया गठबंधन जीत रही है, और भाजपा का सूपड़ा साफ़ होता दिखाई दे रहा है।
केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने अपने छः मौजूदा सांसदों का टिकट काट दिया, क्योंकि उन्होंने अपने क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं किए। उन्होंने दिल्ली सरकार की लाभकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी जो कहती है वो करती है। जैसे 200 यूनिट बिजली फ्री, पीने का पानी मुफ्त, महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त, बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा, मोहल्ला क्लिनिक, दिल्ली में बेहतरीन स्कूल और स्कूलों में वर्ल्ड क्लास की शिक्षा देना साथ ही आने वाले दिनों में 18 वर्ष से अधिक उम्र की प्रत्येक महिला को 1000 रुपये महीना दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने मुझे जेल में डाला और दिल्ली को लाखों माताओं बहनों ने मेरे बाहर आने के लिए पूजा-पाठ की। उनकी पूजा-पाठ से आज में आप लोगों के बीच हूं। यह कोई चमत्कार से कम नहीं है, आपका धन्यवाद करता हूं। मुझे जेल में आपकी बहुत याद आती थी, आपको भी आती होगी। जवाब में हजारों समर्थकों ने हां कहा तो केजरीवाल ने हां का जवाब आई लव यू से दिया।

मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने जनता को अपील करते हुए कहा कि 25 मई को चुनाव हैं, आप सभी दक्षिणी दिल्ली से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सहीराम को भारी मतों से जीतकर संसद में भेजें। सांसद बनने के बाद सहीराम पहलवान विकास कार्यों को दिशा देने का काम करेंगे। बता दें कि भीषण गर्मी के बीच थाना पुल प्रह्लादपुर के एसएचओ संजय दहिया पुलिस टीम के साथ मुस्तैद दिखाई दे रहे थे। जनसभा में भीषण गर्मी के बावजूद भारी भीड़ रही। केजरीवाल की जनसभा में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज, विधायक रितुराज झा, आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सुभाष पहलवान, पार्षद राकेश लोहिया, पार्षद सचिन बिधूड़ी, पार्षद पवन सहित हज़ारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



