अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण में विकासखंड स्तरीय विज्ञान महोत्सव का हुआ आयोजन।
भिकियासैंण। शिक्षा विभाग उत्तराखण्ड की महत्वाकांक्षी योजना विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विकास हेतु विस्तार और प्रचार-प्रसार हेतु अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण में विकासखंड स्तरीय विज्ञान महोत्सव का आयोजन हुआ। जूनियर कक्षा 6 से 8 और सीनियर वर्ग कक्षा 9 से 12 दोनों वर्गों में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ. रवि मेहता व प्रधानाचार्य भवानी राम ने दीप प्रज्वलित कर किया। ब्लॉक के 20 विद्यालयों के बाल वैज्ञानिकों ने वैज्ञानिक आधार पर बनाए गए विभिन्न स्वनिर्मित मॉडल्स की प्रदर्शनी लगाई। दूसरी ओर विज्ञान ड्रामा में रोचक ज्ञानप्रद नाटकों के माध्यम से जनता के मध्य वैज्ञानिक सोच को बढ़ाने के लिए अंधविश्वास और अज्ञान को दूर करने के लिए प्रस्तुतियाँ दी गई।

उद्घाटन भाषण के दौरान बाल वैज्ञानिकों और उपस्थित शिक्षक समुदाय को सम्बोधित करते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ. रवि मेहता ने बच्चों को विज्ञान सम्मत विचारधारा को गम्भीरता पूर्वक स्वीकार करने तथा अज्ञानपरक, अंधविश्वास पर आधारित कुरीतियों को त्यागने का संदेश दिया, उन्होंने बाल वैज्ञानिकों को कहा कि विज्ञान किसी भी तथ्य को प्रयोग के माध्यम से सिद्ध करते हुए ही अपनाने पर बल देता है। अतः आज के युग में शिक्षित वर्ग को विज्ञान सम्मत ज्ञान को ही अपनाना होगा। विज्ञान ड्रामा में कक्षा 6 से 10 वर्ग की 14 टीमों ने भाग लिया, जिसमें रा.उ.मा.वि. थापला की टीम प्रथम, नवज्योति इंटर कॉलेज सिनार द्वितीय, रा.इ.का. तकुल्टी तृतीय स्थान पर रहे। विज्ञान प्रदर्शनी में विभिन्न विद्यालयों के बाल वैज्ञानिकों ने भिन्न-भिन्न विषयों पर आधारित जूनियर वर्ग में 62 और सीनियर वर्ग में 57 मॉडल्स प्रस्तुत किए, जिनमें राजीव गांधी नवोदय विद्यालय चौनलिया, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण, रा.इ.का. तकुल्टी, नवज्योति इंटर कॉलेज सिनार आदि का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा।
भिकियासैंण ब्लॉक विज्ञान समन्वयक हरीश चंद्र सिंह रावत ने कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्य संयोजक खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ. रवि मेहता की प्रेरणा से सभी प्रतिभागियों एवं टीम प्रभारियों के लिए भोजन और जलपान की व्यवस्था की गई थी। ब्लॉक के समस्त राजकीय-अशासकीय-निजी माध्यमिक विद्यालयों के विज्ञान शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर डॉ. कैलाश चन्द्र पाण्डेय, बी. डी. शर्मा, कैलाश भट्ट, प्रकाश भट्ट, मनोज रावत, रविन्द्र मेहरा, प्रेमराम, अंजू जोशी, गीता डॉर्बी, कंचन टम्टा, राजेन्द्र सती, मनोज मोहन, बलवन्त सिंह आदि ने कार्यक्रम के सफल सम्पादन में योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र सिंह मनराल और हरीश रावत ने संयुक्त रुप से किया। प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बाल वैज्ञानिकों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर ब्लॉक विज्ञान समन्वयक हरीश चंद्र सिंह रावत और संयोजक प्रधानाचार्य भवानी राम ने सभी सहयोगियों का धन्यवाद किया और प्रतिभागी बाल-वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं दी।



