“प्रशासन गाँव की ओर” अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, सल्ट में पुलिस ने चौपाल लगाकर सुनीं समस्याएं।
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में चलाए जा रहे “प्रशासन गाँव की ओर अभियान” के अंतर्गत बुधवार को कोतवाली रानीखेत, चौखुटिया व थाना सल्ट क्षेत्र में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत भुवन चन्द्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा ताड़ीखेत, प्रभारी निरीक्षक चौखुटिया अशोक कुमार के नेतृत्व में मासी तथा थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में शिविर आयोजित किए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर क्षेत्रीय जनता की समस्याओं को सुना गया तथा उनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसी क्रम में अल्मोड़ा पुलिस द्वारा भी अपना स्टॉल लगाकर आमजन की पुलिस से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया तथा उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई।
पुलिस टीम द्वारा शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव, महिला एवं बाल अपराध, किरायेदार सत्यापन, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव, मानव तस्करी, यातायात नियमों व विभिन्न हेल्पलाइन नंबर डायल 112, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, आपदा हेल्पलाइन नंबर 1070, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के संबंध में जागरुक किया गया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इस दौरान पुलिस द्वारा क्षेत्रीय जनता से संवाद स्थापित कर उन्हें यह भरोसा दिलाया गया कि पुलिस उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है।



