“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत जनपद में दो बहुउद्देशीय शिविर हुए आयोजित।

अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड लमगड़ा की न्याय पंचायत बड़ियार बिष्ट के त्युनरा तथा विकासखंड स्याल्दे की न्याय पंचायत डूंगरी में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुँचाना रहा।

विकासखंड लमगड़ा की न्याय पंचायत बड़ियार बिष्ट के त्युनरा में आयोजित शिविर में सचिव, उत्तराखंड शासन एस. रविशंकर ने प्रतिभाग कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस शिविर के माध्यम से 381 लोगों को सीधे लाभान्वित किया गया तथा प्राप्त 49 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर सचिव उत्तराखंड शासन ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम सरकार का अत्यंत प्राथमिकता वाला जनहित कार्यक्रम है, जिसकी मंशा के अनुरुप अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करें।

इस शिविर में विधायक मोहन सिंह मेहरा, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं विकासखंड स्याल्दे की न्याय पंचायत डूंगरी में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा ने लोगों की समस्याएं सुनी। इस शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा 1671 लोगों को लाभान्वित किया गया तथा प्राप्त 146 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

प्रशासन द्वारा बताया गया कि इस अभियान के अंतर्गत जनपद में निरंतर शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुँचाया जा रहा है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *