मुख्यमंत्री धामी ने भाजपा नेता अनिल शाही की माता के निधन पर जताई शोक संवेदनाएं।
अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा नेता एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिल सिंह शाही के बग्वालीपोखर, रेवाड़ी स्थित आवास पर पहुंचकर उनकी माता रेवती देवी के निधन पर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त की तथा उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं साहस बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि माता का स्नेह, त्याग और मार्गदर्शन जीवन की अमूल्य पूंजी होती है, जिसकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि परिवार के लिए यह क्षति अत्यंत पीड़ादायक है, लेकिन ऐसे समय में आत्मबल और पारिवारिक एकजुटता ही सबसे बड़ी शक्ति बनती है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और वे स्वयं इस दुःख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






