मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिवंगत ब्लॉक प्रमुख सतीश नैनवाल के पीपलपानी संस्कार में हुए शामिल।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शनिवार को जनपद अल्मोड़ा के रानीखेत विधानसभा अंतर्गत भतरौंजखान पहुंचकर रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल के अनुज एवं ब्लॉक प्रमुख भिकियासैंण स्वर्गीय सतीश नैनवाल के पीपलपानी संस्कार में सहभाग किया।
मुख्यमंत्री ने स्व. सतीश नैनवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय सतीश नैनवाल सामाजिक सरोकारों से जुड़े एक सक्रिय जनप्रतिनिधि थे, जिन्होंने क्षेत्र के विकास एवं जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके असामयिक निधन से क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।
उन्होंने परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार शोक की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है।
इस अवसर पर सीडीओ रामजीशरण शर्मा, एडीएम युक्ता मिश्रा, एसडीएम भिकियासैंण याक्षी अरोड़ा सहित अनेक अधिकारी, सुरक्षा अधिकारी, सुरक्षा कार्मिक एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




