शास्त्रीय नृत्य बच्चों को देता है एक नई उड़ान – डॉ. दीपा जोशी।

हल्द्वानी। संगीत नाटक अकादमी नई दिल्ली के सहयोग से मोहन उप्रेती लोक संस्कृति कला एवं विज्ञान शोध समिति के तत्वावधान में शनिवार को यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल हल्द्वानी में कत्थक नृत्य व्याख्यान प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कत्थक नृत्यांगना डॉ. दीपा जोशी ने कत्थक नृत्य की जानकारी दी। कत्थक नृत्य व्याख्यान प्रदर्शन श्रृंखला का प्रारम्भ यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल हल्द्वानी से हुआ। विद्यालय की प्रिंसिपल मंजू जोशी व कत्थक नृत्यांगना डॉ. दीपा जोशी ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत् प्रारम्भ किया।

उत्तराखण्ड की प्रतिष्ठित कत्थक नृत्यांगना डॉ. दीपा जोशी दिल्ली दूरदर्शन की ए ग्रेड की कत्थक कलाकार हैं। कत्थक के लखनऊ घराने का प्रतिनिधित्व करते हुए डॉ. दीपा जोशी ने बच्चों को कत्थक नृत्य की उत्पत्ति, उसकी विकास यात्रा व कत्थक के ताल तथा भाव पक्ष की जानकारी दी। डॉ. दीपा जोशी ने विश्वनाथ स्तुति से अपने नृत्य की शुरुआत की, उसके बाद उपज, ठाठ, उठान, आमद, लड़ी आदि प्रस्तुत किया। बिंदादीन महाराज द्वारा रचित दादरा छोड़ो छोड़ो बिहारी पर सुन्दर अभिनय प्रस्तुत किया। अपनी प्रस्तुति के अन्त में तबले और घुंघरु की जुगलबंदी प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में शास्त्रीय नृत्य की कई प्रस्तुतियां हुई। कार्यक्रम के शुरुआत में स्वस्तिका जोशी ने भरतनाट्यम में नटेश कौतुवम की प्रस्तुति दी। स्वस्तिका जोशी देशभर के कई प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रस्तुति दे चुकी है। कत्थक नृत्य केन्द्र हल्द्वानी की बाल नृत्यांगना नविका जोशी व दीक्षिता दुर्गापाल ने कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी। ये दोनों बाल कलाकार सीसीआरटी संस्कृति मंत्रालय की छात्र वृत्ति धारक हैं। कार्यक्रम के अगले चरण में यूनिवर्सल स्कूल की छात्राओं ने कत्थक नृत्य की सुन्दर प्रस्तुति दी। संस्था के निदेशक हेमन्त जोशी ने बताया कि अभी हल्द्वानी, नैनीताल, अल्मोड़ा के विद्यालयों में इस कत्थक नृत्य व्याख्यान प्रदर्शन श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने संगीत नाटक अकादमी नई दिल्ली, यूनिवर्सल स्कूल, कत्थक नृत्यांगना दीपा जोशी व सभी बाल कलाकारों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिक्षक वर्ग व विद्यार्थी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *