राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मानिला में एनएसएस स्थापना दिवस पर रंगारंग कार्यक्रमों की धूम।

भिकियासैंण। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मानिला में राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर एक दिवसीय सामान्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर प्रभारी प्राचार्य डॉ. गोरखनाथ के संरक्षण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात कार्यक्रम के अतिथियों का बैज अलंकरण कर स्वागत किया गया व जोश एवं उत्साह के साथ स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं द्वारा एनएसएस लक्ष्य गीत गायन किया गया। तत्पश्चात स्वयंसेवी छात्राओं पायल, निशा व रश्मि चौहान द्वारा सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

स्थापना दिवस के इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। स्वयंसेवी छात्राओं मे निशा बिष्ट, दीक्षा बवाड़ी, पूजा आर्या, तनुजा शर्मा, रेखा, अंजनी, रितिका, मेघना आदि ने कुमाऊंनी लोक नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। इसी क्रम में ‘युवाओं के व्यक्तित्व विकास में राष्ट्रीय सेवा योजना का योगदान’ विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रुप में अर्थशास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. पितांबर दत्त पंत उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व व उद्देश्यों के संबंध में बताकर उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों का बोध कराया और राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ने के लाभों से परिचित कराया।

इसी क्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गार्गी लोहनी ने राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस के इतिहास पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। तत्पश्चात भूगोल विभाग के प्राध्यापक डॉ. जितेंद्र प्रसाद द्वारा एनएसएस के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवियों की प्रतिभा को सराहा गया, और उन्हें पुरस्कृत किया गया। तत्पश्चात मनीषा व हिमानी द्वारा स्वच्छता आधारित नाटक की शानदार प्रस्तुति की गई। रिंकी चमोला, रुपा चमोला, रितिका जुयाल, जानकी, अंजनी रितिका, हिमानी, दीक्षा बवाड़ी आदि स्वयंसेवियों छात्राओं की टीम द्वारा कुमाऊंनी झोड़े की शानदार प्रस्तुति दी गई। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. गोरखनाथ ने कहा कि एनएसएस व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करती है, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को एनएसएस में पंजीकरण करवाना चाहिए। तत्पश्चात स्वयंसेवियों द्वारा स्वच्छता कार्यक्रम व श्रमदान किया गया। संचालन स्वयंसेवी छात्राओं वंदना शर्मा व रश्मि चौहान द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी वर्ग व समस्त स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *