द्वितीय चरण का सामुदायिक सहभागिता प्रशिक्षण कुन्हील में सम्पन्न, विद्यालय प्रबंधन समितियों ने किया प्रतिभाग।
सल्ट/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तीन दिवसीय सामुदायिक सहभागिता प्रशिक्षण संकुल कुन्हील में सम्पन्न हो गया है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय चौना, राजकीय इंटर कॉलेज नैलवालपाली, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नैलवालपाली, नैल व कुन्हील विद्यालय प्रबंधन समितियों के सदस्यों एवं सचिवों ने प्रतिभाग किया।
उक्त कार्यक्रम राज्य परियोजना उत्तराखंड की ओर से प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य अभिभावकों और समुदाय को विद्यालय में सहयोग के लिए प्रेरित करना तथा शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से अवगत कराना है।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स के रुप में दीप चन्द्र एवं पवन कुमार ने सहभाग किया। विभिन्न विद्यालयों की ओर से रमेश चन्द्र नैलवाल, ललिता परिहार, हिम्मत सिंह और भुवन चन्द्र पपनै ने सचिव के रुप में प्रतिभाग किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज झिमार में आयोजित किया गया, जिसके नोडल प्रधानाचार्य बी.एस. नेगी रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बी.एस. नेगी ने कहा कि प्रशिक्षण से हमारे भीतर नवीन ऊर्जा का संचार होता है और ऐसे अवसरों का लाभ उठाया जाना चाहिए।
इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज नैलवालपाली के विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कैलाश तिवारी ने कहा कि विद्यालय नवाचारी गतिविधियों में अपडेट रहें तथा बच्चों की समझ पर ध्यान केंद्रित किया जाए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।



