राजकीय महाविद्यालय भतरौंजखान के एनएसएस सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य समापन।

भतरौंजखान (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय भतरौंजखान के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह बड़े उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। यह शिविर हीरानंद धर्मशाला भतरौंजखान में आयोजित किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने समाज सेवा, स्वच्छता अभियान, साक्षरता जागरुकता, स्वास्थ्य शिविर एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सक्सेना एवं विशिष्ट अतिथि के रुप में राजकीय पॉलिटेक्निक चौनलिया के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र जोशी रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर युवाओं में सेवा भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।

कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पूनम ने सात दिनों की गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान गाँव में स्वच्छता अभियान चलाया गया, लोगों को साक्षरता के प्रति जागरुक किया गया तथा स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर स्वयंसेवकों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिनमें नाटक, गीत, नृत्य और देशभक्ति प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

समारोह के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों धर्मेंद्र गिरी गोस्वामी एवं पूजा पंत को “श्रेष्ठ स्वयंसेवक”, विमला को “श्रेष्ठ समन्वयक” एवं दीपक जोशी को “श्रेष्ठ कार्यकर्ता” पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

अंत में डॉ. रुपा यादव द्वारा कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी अतिथियों, समस्त प्राध्यापकों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया गया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *