राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी में एनएसएस द्वारा आयोजित सप्तदिवसीय “विशेष शिविर” का भव्य समापन।
हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, किशनपुर, गौलापार की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सप्तदिवसीय “विशेष शिविर” का समापन आज मगंलवार श्री हरि गोपाल बैंक्विट परिसर, किशनपुर, गौलापार में भव्य रुप से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार, मुख्य अतिथि पीटीए अध्यक्ष मुकेश बेलवाल, विशिष्ट अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष पान सिंह मेवाड़ी, समाजसेवी प्रकाश पांडे, अभिभावक संघ सदस्य विशन चुफाल तथा समाजसेवी व उद्यमी अभिजीत बिष्ट द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इसके बाद स्वयंसेवियों द्वारा सरस्वती वंदना, लक्ष्य गीत, अभिनंदन गीत के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं समाजसेवियों ने अपने-अपने वक्तव्यों के माध्यम से स्वयंसेवियों को समाज सेवा के प्रति प्रेरित किया तथा छात्र हित में महाविद्यालय को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
शारीरिक सत्र के अंतर्गत सर्वप्रथम प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार ने सभी स्वयंसेवियों को सफलतापूर्वक शिविर पूर्ण करने पर शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा भविष्य में अधिक से अधिक संख्या में ऐसे शिविरों में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। तत्पश्चात स्वयंसेवियों द्वारा विभिन्न योगासन एवं व्यायाम किए गए।
इसके बाद स्वयंसेवियों ने एनएसएस गीत गाते हुए महाविद्यालय के समीपस्थ क्षेत्रों मदनपुर, बसंतपुर, किशनपुर, कल्याणपुर में “राष्ट्रीय सेवा योजना” विषय पर आधारित जन-जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। तत्पश्चात सभी स्वयंसेवियों द्वारा महाविद्यालय परिसर एवं नर्मदेश्वर मंदिर प्रांगण में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।
विशेष शिविर के सप्तम दिवस के बौद्धिक सत्र में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना जोशी ने प्रथम दिवस से सप्तम दिवस तक आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि मुकेश बेलवाल ने स्वयंसेवियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
जलपान के अंतर्गत विशेष शिविर के सप्तम दिवस में सुबह नाश्ते में स्वयंसेवियों द्वारा चाय, चिप्स एवं हलवा बनाया गया। मध्याह्न भोजन में दाल, चावल, सब्जी एवं सलाद, जबकि रात्रि भोजन में रोटी, सब्जी एवं सलाद तैयार किया गया।
संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना जोशी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस सहायक कार्यक्रम अधिकारी गौरव जोशी एवं डॉ. किरण जोशी ने अपना बहुमूल्य योगदान दिया।
विशेष शिविर के समापन कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. डी.सी. पांडे, डॉ. भारती बहुगुणा, डॉ. भारती, डॉ. बसंत कुमार नेगी, डॉ. बुशरा, डॉ. सुरेश जोशी, डॉ. रीमा आर्य, डॉ. आशीष अंशु, डॉ. कंचन जोशी, डॉ. सुरभि गुप्ता, डॉ. भुवन मठपाल सहित समस्त कर्मचारी, स्वयंसेवी एवं अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










