थाना भतरौंजखान में कार्यरत कांस्टेबल निरीक्षक की सड़क दुर्घटना में हुई मौत।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। थाना भतरौंजखान में नियुक्त कांस्टेबल निरीक्षक देवेन्द्र सिंह भण्डारी की विगत रात्रि ड्यूटी से वापस लौट रहे भतरौंजखान के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। स्वर्गीय भंडारी मूल रुप से ग्राम रैस चोपता जनपद चमोली के निवासी थे, रात्रि को ड्यूटी से वापस लौटने के दौरान सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया हैं, जिससे पूरे अल्मोड़ा पुलिस परिवार में शोक व्याप्त है।
पुलिस विभाग में वर्ष 2002 में आरक्षी के पद में भर्ती होने के उपरान्त आरक्षी द्वारा सदैव विभाग के लिए मेहनत, लगन व कर्तव्यनिष्ठा से कार्य किया गया। पुलिस विभाग में इनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनका इस तरह अचानक चला जाना पुलिस परिवार की बहुत बड़ी क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें तथा उनके पारिवारिक सदस्यों को इस असहनीय दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा अल्मोड़ा, विमल प्रसाद सीओ अल्मोड़ा, अशोक कुमार धनकड़ प्रभारी निरीक्षक रानीखेत, मदन मोहन जोशी थानाध्यक्ष भतरौंजखान, कुन्दन सिंह रौतेला एसओजी प्रभारी सहित अल्मोड़ा पुलिस बल द्वारा दिवंगत जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र, पुष्पाजंलि अर्पित कर नम आखों से श्रद्धाजंलि दी गई व उनके परिवारजनों को दुःख की इस घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
तत्पश्चात सेरिमोनियल गार्द द्वारा शोक सलामी देकर दिवंगत जवान को अंतिम विदाई दी गई। एसएसपी अल्मोड़ा सहित अल्मोड़ा पुलिस बल ने दिवंगत जवान के पार्थिव शरीर को कंधा देकर दाह संस्कार अंत्येष्टि हेतु गृह क्षेत्र भेजा गया। वहीं थाना भतरौंजखान, भिकियासैंण व देघाट पुलिस कर्मियों के साथ ही स्थानीय क्षेत्रीय जनता ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।



