भिकियासैंण में दुर्गा अष्टमी, नवमी व रामनवमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण व आस-पास के सभी क्षेत्रों में दुर्गा अष्टमी और दुर्गा नवमी के पावन अवसर पर श्रद्धा और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला। इन अवसरों पर विभिन्न मंदिरों और घरों में कन्या पूजन का आयोजन बड़े श्रद्धा भाव के साथ किया गया।
सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। कई स्थानों पर विधिवत हवन-यज्ञ और भंडारों का आयोजन भी किया गया।
कन्या पूजन के दौरान छोटी-छोटी कन्याओं को माँ दुर्गा का स्वरुप मानकर उनके चरण धोए गए, उन्हें तिलक लगाया गया तथा प्रसाद स्वरुप हलवा, पूड़ी, चने खिलाए गए। साथ ही कन्याओं को उपहार और दक्षिणा देकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इस दौरान लोगों में विशेष उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली।
वहीं रामनवमी के पावन अवसर पर भी क्षेत्र के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रुप में मनाए जाने वाले इस पर्व पर मंदिरों में भजन-कीर्तन और रामायण पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
पूरे क्षेत्र में तीनों पर्वों को लेकर भक्तिमय वातावरण बना रहा, जहां हर ओर जयकारों और भक्ति गीतों की गूंज सुनाई दी।



