डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में ‘विकसित भारत 2047’ के अंतर्गत पाँच दिवसीय व्याख्यानमाला कार्यक्रम के तीसरे दिन का हुआ आयोजन।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में महाविद्यालय के आईक्यूएसी एवं वाणिज्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘विकसित भारत 2047’ के अंतर्गत आयोजित पाँच दिवसीय व्याख्यानमाला कार्यक्रम के तीसरे दिन इंफ्रास्ट्रक्चर, साइबर सुरक्षा और कनेक्टिविटी विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण वाणिज्य विभाग के प्रभारी डॉ. गौरव कुमार रहे। उन्होंने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से साइबर अटैक की नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी और ऑनलाइन ठगी, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड, फिशिंग, मैलवेयर, सोशल मीडिया क्राइम, फर्जी कॉल आदि पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी किस प्रकार लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं और इनसे बचाव हेतु कौन-सी सावधानियाँ आवश्यक हैं।
व्याख्यान के दौरान प्राध्यापकों और छात्रों ने जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका समाधान मुख्य वक्ता ने सरलता से किया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. साबिर हुसैन ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरुकता को सबसे महत्वपूर्ण उपाय बताया। साथ ही उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 एवं साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल की जानकारी देते हुए लोगों से किसी भी साइबर अपराध की तुरंत रिपोर्ट करने की अपील की।
कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर शर्मिला सक्सेना के मार्गदर्शन तथा प्रभारी प्राचार्य डॉ. साबिर हुसैन की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। संचालन संयोजक डॉ. राजीव कुमार एवं आयोजक सचिव डॉ. दीपा लोहनी द्वारा संयुक्त रुप से किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. विश्वनाथ पांडे, डॉ. इला बिष्ट, डॉ. सोनम, डॉ. इंदिरा सहित समस्त महाविद्यालय स्टाफ व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



