राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में एनएसएस शिविर का दूसरा दिन, स्वयंसेवियों ने चलाया स्वच्छता अभियान।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में आयोजित एनएसएस के सात दिवसीय शिविर का दूसरा दिन भी जारी रहा। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर शर्मिला सक्सेना की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जबकि कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सोनम द्वारा किया गया।
प्रथम शारीरिक सत्र में स्वयंसेवकों द्वारा व्यायाम तथा योगासन किए गए। तत्पश्चात द्वितीय शारीरिक सत्र में स्वयंसेवकों ने तल्ला कढोली ग्राम स्थित नौले की सफाई की तथा गाजर घास और सिंगल यूज प्लास्टिक के उन्मूलन का कार्य किया।
बौद्धिक सत्र में डॉ. परितोष उप्रेती, सहायक प्राध्यापक (भूगोल) द्वारा सामाजिक शिष्टाचार विषय पर व्याख्यान दिया गया। इसके पश्चात कौशल अग्रवाल, सहायक प्राध्यापक (अंग्रेजी) एवं पूर्व कार्यक्रम अधिकारी एनएसएस ने महाविद्यालय में पूर्व में आयोजित एनएसएस कार्यक्रमों के बारे में स्वयंसेवकों को जानकारी दी। उन्होंने एनएसएस के इतिहास, महत्व तथा एनएसएस में अनुशासन के महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया।
इस मौके पर समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं सभी स्वयंसेवी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल









