गोलू देवता सेवा समिति ने विनायक इंटर कॉलेज के पुनर्निर्माण की उठाई मांग।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विनायक क्षेत्र स्थित विनायक इंटर कॉलेज की जर्जर स्थिति को देखते हुए गोलू देवता सेवा समिति, दिल्ली ने शासन-प्रशासन से विद्यालय के सुधार एवं पुनर्निर्माण की मांग उठाई है। ज्ञात हो कि वर्ष 1950 में स्थापित यह विद्यालय अपने समय में क्षेत्र का एकमात्र साइंस वर्ग वाला ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान रहा है। उत्तराखंड की रानीखेत विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले इस विद्यालय की बदहाली को लेकर अब क्षेत्रीय युवाओं ने भी आवाज़ बुलंद की है।

इस विद्यालय की स्थापना स्वर्गीय गोपाल दत्त वेला एवं क्षेत्रवासियों द्वारा इस उद्देश्य से की गई थी कि पहाड़ी क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।

इसी क्रम में हाल ही में क्षेत्रीय युवाओं द्वारा विद्यालय का बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गोलू देवता सेवा समिति, दिल्ली के सचिव मनोज बिष्ट एवं समिति के अन्य सदस्यों ने विद्यालय की वर्तमान स्थिति को गंभीर बताते हुए इसकी जर्जर हालत का वीडियो बनाकर उत्तराखंड सरकार तक पहुँचाया।

निरीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि विद्यालय भवन, शैक्षणिक संसाधन एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है, जिसका सीधा असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। समिति ने सरकार से विद्यालय के तत्काल नव-निर्माण की मांग करते हुए यह भी आग्रह किया है कि यहां अध्ययनरत बच्चों को सुरक्षित भवन, बेहतर शिक्षा वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ।

गोलू देवता सेवा समिति के सचिव मनोज बिष्ट ने कहा कि यह विद्यालय केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की शैक्षणिक विरासत है। यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य प्रभावित होगा। क्षेत्रवासियों एवं युवाओं ने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि विद्यालय की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *