बासोट में देशी शराब की दुकान बंद कराने की मांग तेज, जनप्रतिनिधियों ने दी आंदोलन की चेतावनी।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। बासोट बाजार में स्थित देशी मदिरा की दुकान को बंद कराने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र नेगी ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से बाजार में खुली इस दुकान के कारण लगातार अराजकता का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि शाम होते ही शराबियों की आवाजाही बढ़ जाती है, जिससे बाजार का वातावरण खराब हो रहा है। खासतौर पर महिलाओं को बाजार आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, क्षेत्र की युवा पीढ़ी भी नशे की ओर आकर्षित हो रही है, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

नरेंद्र नेगी के अनुसार, पिछले वर्ष भी इस दुकान को बंद करने की मांग उठाई गई थी, लेकिन तब यह कहकर टाल दिया गया कि दुकान का आवंटन दो वर्षों के लिए हुआ है। अब 01 अप्रैल को यह अवधि पूरी हो रही है, ऐसे में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दोबारा टेंडर न किए जाने की मांग तेज कर दी है।
इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र नेगी, ग्राम प्रधान शिवानी भंडारी और जिला पंचायत सदस्य मोहनरी नीमा कड़ाकोटी ने मिलकर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 01 अप्रैल से दुकान बंद नहीं की गई, तो क्षेत्र की महिलाएं और जनप्रतिनिधि मिलकर दुकान के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
जनप्रतिनिधियों द्वारा इस संबंध में एसडीएम भिकियासैंण को एक ज्ञापन भी सौंपा गया है, जिसमें जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










