विकासखंड भिकियासैंण के ग्राम सनड़ा व नौला में एग्री ड्रोन का किया प्रदर्शन।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा) विकासखंड भिकियासैंण में कृषि विभाग भिकियासैंण एवं कृषकों द्वारा वीबीएसवाई के अन्तर्गत ग्राम पंचायत नौला व ग्राम पंचायत सनड़ा में एग्री ड्रोन का प्रदर्शन कृषकों के खेतों में किया गया। इस दौरान नैनो यूरिया का छिड़काव किया गया, तथा कृषि एवं उद्यान में एग्री ड्रोन से प्राप्त होने वाले लाभों के संबंध में कृषि विभाग द्वारा कृषकों को विस्तार से बताया गया। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि भारत सरकार द्वारा एग्री ड्रोन पर 80% अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
एग्री ड्रोन द्वारा अत्यधिक कम समय में ज्यादा से ज्यादा कृषि भूमि में जैव रसायन, कीटनाशक, जैव उर्वरक इत्यादि का छिड़काव किया जा सकता है। एग्री ड्रोन द्वारा छिड़काव करने में पानी एवं रसायन, कीटनाशक उर्वरक की भी अत्यधिक कम मात्रा का प्रयोग होने के कारण यह पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि एवं उद्यानिकी फसलों, बगीचों में छिड़काव हेतु अत्यधिक कारगर सिद्ध होगा। एग्री ड्रोन द्वारा एक ही व्यक्ति द्वारा लगभग एक किलोमीटर के दायरे में कृषि भूमि में उक्त छिड़काव कार्य कराया जाना संभव है, जिससे छिड़काव पर आने वाली लागत भी कम होगी।

एग्री ड्रोन क्रय कर कृषक अथवा कृषक समूह अपने क्षेत्र के कृषकों के मध्य व्यवसायिक प्रयोग कर आय अर्जित भी कर सकते हैं। साथ ही उनके द्वारा पीएम प्रणाम योजना अंतर्गत कृषि भूमि की उर्वरता को बनाए रखने के संबंध में आवश्यक जानकारी व मृदा परीक्षण की महत्ता एवं पीएम किसान सम्मान निधि योजना की भी जानकारी कृषको को दी गई। इस मौके पर मौके पर ग्राम प्रधान सनड़ा राम सिंह, ग्राम प्रधान स्योतरा व प्रधान संगठन अध्यक्ष प्रेम सिंह रावत, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी विपिन कुमार सिंह, सहायक कृषि अधिकारी बी. डी. नैलवाल, आशीष कुमार, कृषक दिनेश चंद्र सिंह, देव सिंह, प्रताप सिंह, शेर सिंह आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण










