राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर में देवभूमि उद्यमिता विकास कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ।
हल्द्वानी। उच्च शिक्षा संस्थानों में उद्यमिता स्टार्टअप, उद्यमिता कौशल एवं नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देवभूमि उद्यमिता योजना को प्रभावी रुप से क्रियान्वित करने हेतु भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद के द्वारा पांच दिवसीय फैकल्टी मैंटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, किशनपुर गौलापर (नैनीताल) से डॉ. आशीष अंशु ने प्रतिनिधित्व कर प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण किया।

इसके अंतर्गत उन्होंने महाविद्यालय स्तर पर देवभूमि उधमिता योजना को पूर्ण रुप से प्रभावी बनाने की दिशा में कौशल प्राप्त किया। डॉ. आशीष अंशु ने बताया कि इस योजनान्तर्गत महाविद्यालय में कार्यरत शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को उद्यमिता कौशल के संबंध में स्पंदित कर उन्हें उद्यमिता विकास, रोज़गार, स्टार्टअप एवं व्यवसायिक निपुणता को प्राप्त करने की दिशा में प्रेरित किया जायेगा। देवभूमि उद्यमिता विकास कार्यक्रम छात्र-छात्राओं को उद्यमी बनाने उनके अंदर उद्यमिता कौशल को निखारने तथा युवाओं को उत्तराखंड से पलायन रोकने एवं रोज़गार सृजन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

इस कार्यक्रम से विद्यार्थियों को उद्यमशीलता योजना की जानकारी प्रदान करने के लिए महाविद्यालय स्तर पर बूट कैम्प का आयोजन किया जायेगा, जिसमें उन्हें सीड फंडिंग, सरकारी एवं गैर सरकारी प्रोत्साहन योजना को प्राप्त करने की दिशा में प्रशिक्षित किया जायेगा। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने कहा देवभूमि उद्यमिता विकास कार्यक्रम को पूर्ण रुप से महाविद्यालय में लागू किया जाएगा और इस हेतु महाविद्यालय में उद्यमिता विकास केंद्र की स्थापना की जायेगी, जहाँ विद्यार्थियों को उद्यमिता योजना के क्रियान्वयन से संबंधित हर प्रकार की सहायता उपलब्ध करायी जायेगी। महाविद्यालय उद्यमिता विकास केंद्र रोजगार सृजन की दिशा में अपनी महती भूमिका निभाएगा। इस दिशा में शीघ्र ही महाविद्यालय में बूट कैंप का आयोजन कर छात्र – छात्राओं को देवभूमि उद्यमिता पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरु की जाएगी ।



