चम्पावत के देवेश चन्द्र बिनवाल ने वैज्ञानिक शोध में हासिल की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि।
जेएनसीएएसआर, बेंगलुरु से पीएच.डी. पूर्ण कर दुनिया भर में बढ़ाया उत्तराखंड का मान।
चम्पावत। जनपद चम्पावत के ग्राम बिनवाल गाँव, रीठा साहिब निवासी और वर्तमान में बेंगलुरु में रह रहे देवेश चन्द्र बिनवाल ने वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है।
देवेश के पिता नरेश चन्द्र बिनवाल राजकीय इंटर कॉलेज, शक्तिफार्म (उधम सिंह नगर) में शिक्षक हैं तथा माता रेवती बिनवाल गृहणी हैं।
देवेश ने जवाहरलाल नेहरु सेंटर फॉर एडवांस्ड साइंटिफिक रिसर्च (JNCASR), बेंगलुरु से पदार्थ विज्ञान (Material Science) विषय में अपना पीएच.डी. शोध कार्य पूर्ण किया है। उन्हें हाल ही में पीएच.डी. की उपाधि प्रदान की गई है और वे वर्तमान में इसी संस्थान में रिसर्च एसोसिएट के पद पर कार्यरत हैं।
उनका शोध विख्यात वैज्ञानिक प्रो. सी. एन. आर. राव (F.R.S.) तथा डॉ. प्रताप विश्नोई के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। देवेश ने ऑस्ट्रेलिया के न्यूकैसल विश्वविद्यालय में विजिटिंग पीएच.डी. छात्र के रुप में भी शोध कार्य किया।
देवेश की शिक्षा यात्रा अत्यंत प्रेरणादायी रही है —
● बी.एससी. (ऑनर्स) रसायन विज्ञान — दिल्ली विश्वविद्यालय (2013–2016)
● एम.एससी. रसायन विज्ञान — कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल (2016–2018)
● एम.एस. (इंजीनियरिंग) — JNCASR, बेंगलुरु (2019–2021)
● पीएच.डी. — JNCASR, बेंगलुरु (2021–2025)
उनका शोध मुख्य रुप से ट्रांजिशन मेटल डाईकैल्कोजेनाइड्स और हैलाइड पेरोव्स्काइट्स पर केंद्रित रहा, जिसके अंतर्गत उन्होंने नई सामग्री संरचनाएँ विकसित कर उनकी हाइड्रोजन उत्क्रमण अभिक्रिया (HER) गतिविधियों, प्रकाशीय एवं चुंबकीय गुणों का अध्ययन किया।
देवेश ने अपने शोध कार्य को बोस्टन (अमेरिका), संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और न्यूकैसल यूनिवर्सिटी (ऑस्ट्रेलिया) जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुत किया। उन्होंने भारत के कई प्रतिष्ठित वैज्ञानिक सम्मेलनों में भी अपनी प्रस्तुतियों से सराहना प्राप्त की है।
उनके 10 से अधिक शोध-पत्र जर्नल ऑफ द अमेरिकन केमिकल सोसाइटी, केमिकल साइंस, केमिस्ट्री ऑफ मटेरियल्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित हो चुके हैं। इनमें से कई को मुखपृष्ठ लेख (Cover Article) के रुप में मान्यता मिली है।
देवेश को DST-Inspire Fellowship, Sheikh Saqr Junior Fellowship, GATE Fellowship तथा SERB International Travel Support जैसी प्रतिष्ठित छात्रवृत्तियाँ भी प्राप्त हुई हैं।
देवेश चन्द्र बिनवाल की इस अद्वितीय उपलब्धि से चम्पावत, कुमाऊँ अंचल और सम्पूर्ण उत्तराखंड गौरवान्वित हुआ है।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल













