राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी में एनएसएस विशेष शिविर के पंचम दिवस पर आपदा प्रबंधन कार्यशाला आयोजित।

हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, किशनपुर, गौलापार की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सप्तदिवसीय “विशेष शिविर” के पंचम दिवस के कार्यक्रम का आयोजन श्री हरि गोपाल बैंक्विट परिसर, किशनपुर, गौलापार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः वंदना के साथ माँ शारदे के श्री चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इसके बाद स्वयंसेवियों द्वारा सरस्वती वंदना, लक्ष्य गीत, अभिनंदन गीत के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। सहायक कार्यक्रम अधिकारी गौरव जोशी द्वारा पंचम दिवस की रुपरेखा स्वयंसेवियों के समक्ष प्रस्तुत की गई। समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं समाजसेवियों ने अपने-अपने व्यक्तव्यों के माध्यम से सभी स्वयंसेवियों का आह्वान करते हुए उन्हें समाज सेवा के प्रति जागरुक किया।

कार्यक्रम के शारीरिक सत्र के अंतर्गत सर्वप्रथम प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार ने सभी स्वयंसेवियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए अधिक से अधिक संख्या में सप्तदिवसीय विशेष शिविर में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। तत्पश्चात सभी स्वयंसेवियों ने विभिन्न योगासन एवं व्यायाम किए।

इसके बाद स्वयंसेवियों ने NSS गीत गाते हुए ग्राम मदनपुर एवं सीतापुर में जाकर “जल प्रदूषण” विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं जन-जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया। तत्पश्चात सभी स्वयंसेवियों द्वारा वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई।

विशेष शिविर के पंचम दिवस के बौद्धिक सत्र में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) 15वीं बटालियन गदरपुर, उत्तराखंड द्वारा आपदा प्रबंधन विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला के दौरान स्वयंसेवियों को सीपीआर, कंट्रोल ब्लीडिंग, चोकिंग, एफबीएओ, फायर फाइटिंग, अर्थक्वेक डूज एंड डोंट, प्री-हॉस्पिटल ट्रीटमेंट सहित विभिन्न विषयों पर प्रयोगात्मक तरीके से महत्वपूर्ण जानकारी दी गई, ताकि आपदा की स्थिति में स्वयंसेवी स्वयं एवं अन्य लोगों की जान बचाने में सक्षम हो सकें।

आपदा प्रबंधन कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रुप में निरीक्षक कनिष्क पांगती, हेड कांस्टेबल अतुल सिंह, कांस्टेबल ऋषिकेश, कांस्टेबल प्रदीप एवं कांस्टेबल राजेश डाबला उपस्थित रहे।

जलपान के अंतर्गत विशेष शिविर के पंचम दिवस में सुबह नाश्ते में स्वयंसेवियों द्वारा चाय एवं पुड़ी बनाई गई। मध्याह्न भोजन में कढ़ी, चावल, सब्जी एवं सलाद, जबकि रात्रि भोजन में रोटी, सब्जी, फ्राइड चावल एवं सलाद बनाया गया।

संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना जोशी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस सहायक कार्यक्रम अधिकारी गौरव जोशी ने अपना बहुमूल्य योगदान दिया। संबंधित विशेष शिविर में स्वयंसेवियों द्वारा बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया गया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *