द्वितीय चरण से पूर्व तैयारियों का जायज़ा लेने पहुंचे जिलाधिकारी और एसएसपी भिकियासैंण।
विकासखंड में की संयुक्त समीक्षा, पोलिंग पार्टियों और मतगणना की व्यवस्थाएं परखी।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 के द्वितीय चरण को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में आज रविवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने विकासखंड भिकियासैंण का संयुक्त निरीक्षण कर निर्वाचन तैयारियों का जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने ब्लॉक मुख्यालय में खान-पान की व्यवस्थाओं का स्थलीय परीक्षण किया, जहां “नई दिशा आजीविका स्वायत्तता समूह” द्वारा संचालित मसाला प्रसंस्करण यूनिट का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने समूह की महिलाओं से संवाद कर गुणवत्ता और संचालन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली तथा उनके कार्यों की सराहना की।

इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। मतदान सामाग्री वितरण केन्द्रों की सुरक्षा, लॉजिस्टिक सपोर्ट तथा वर्षा से बचाव हेतु की गई तैयारियों का परीक्षण किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पोलिंग पार्टियों को समय से सामाग्री सुलभ कराई जाए, और व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतगणना से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायज़ा लिया। उन्होंने मतगणना स्थलों पर सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था, पर्यवेक्षकों की तैनाती और तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता संबंधी तैयारियों की समीक्षा की और सुनिश्चित किया कि मतगणना प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं शांति के साथ संपन्न हों।
चुनाव की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए अधिकारियों ने संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील मतदान स्थलों को लेकर क्षेत्रीय प्रशासन से विस्तृत चर्चा की तथा सतर्क दृष्टिकोण बनाए रखने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए सुरक्षा बलों को अतिरिक्त चौकसी बरतने को कहा गया।
द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद के पाँच विकासखंड— सल्ट (138), स्याल्दे (95), द्वाराहाट (122), भिकियासैंण (99) एवं हवालबाग (126) की कुल 580 ग्राम पंचायतों में सोमवार को मतदान होगा, जिनके लिए कुल 632 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सी. एस. मर्तोलिया, एसडीएम भिकियासैंण सीमा विश्वकर्मा, पुलिस उपाधीक्षक विमल प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल






























