जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक हुई आयोजित, जल जीवन मिशन के कार्यों की हुई समीक्षा।

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रुप से जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के सभी कार्य जल्द से जल्द पूरे किए जाए।

उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा जैसे पर्वतीय जनपद में दूरस्थ क्षेत्रों से पानी की किल्लत की बहुत सी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के सभी कार्य तय सीमा में किए जाए एवं लोगों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने जल संस्थान, जल निगम तथा सिंचाई विभाग के जल जीवन मिशन के कार्यों की खंडवार समीक्षा की।

बैठक में उपस्थित जल निगम के अधीक्षण अभियंता तथा जल जीवन मिशन के नोडल अधिकारी दीपक मलिक ने बताया कि जनपद की 1612 योजनाओं में से 1424 योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। अवशेष 188 योजनाओं में कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जो काम अधूरे हैं उन कार्यों को समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए।

इसके पश्चात उन्होंने स्वजल के कार्यों की भी समीक्षा की तथा जनपद में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने हेतु संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला विकास अधिकारी एस. के. पंत समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर- रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *