डॉ. सुरेंद्र पडियार को इंटरनेट ऑफ थिंग्स वोटिंग मशीन के लिए मिला पेटेंट।
खटीमा (उधम सिंह नगर)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा के गणित विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह पडियार को उनके द्वारा डिज़ाइन किए गए इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IOT) आधारित वोटिंग मशीन के लिए पेटेंट प्राप्त हुआ है। इस डिज़ाइन का मुख्य उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया को सरल, सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है, ताकि यह पारंपरिक वोटिंग मशीनों की तुलना में अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हो सकें।
इस IOT आधारित वोटिंग मशीन में स्मार्ट सेंसर्स का उपयोग किया जा सकता है, जिससे मतदाता की पहचान को सही ढंग से सत्यापित किया जा सकता है। इसके अलावा, यह सिस्टम वोटों को तुरंत क्लाउड सर्वर पर ट्रांसमिट करता है, जिससे चुनाव परिणामों की पारदर्शिता और समय पर उपलब्धता सुनिश्चित होती है।
डॉ. सुरेंद्र पडियार के साथ इस पेटेंट में उनके सहयोगी डिजाइनर डॉ. गोपाल सिंह, डॉ. विनय सिंह रावत, डॉ. अमित कुमार, डॉ. पूनम मियान, डॉ. आर नेगी आदि का भी योगदान है। इसके पूर्व डॉ. सुरेंद्र को विभिन्न विषयों पर छह पेटेंट प्राप्त हो चुके हैं और उनके 50 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्र गणित विषय में जो SCIE, Scopus, ESCI Web of Science और UGC Care सूचीबद्ध पियर रिव्यू जर्नल्स में प्रकाशित हुए हैं।
डॉ. सुरेंद्र को मिले इस पेटेंट के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्र राम, वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर आसुतोष और अन्य शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह पेटेंट डॉ. सुरेंद्र की नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करता है।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण






















