डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत हुआ निबंध प्रतियोगिता का आयोजन।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा) डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में भारत निर्वाचन आयोग के ‘स्वीप’ कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता शिक्षा एवं जागरुकता हेतु निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निबंध का शीर्षक “लोकतंत्र की मजबूती हेतु युवा मतदाता की भूमिका” रहा। उक्त प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए निबंध के माध्यम से अपने विचार अभिव्यक्त किए।

निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर बी. ए. तृतीय सेमेस्टर के छात्र हिमांशु आर्या, द्वितीय स्थान पर बी. ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा सीमा व तृतीय स्थान पर बी. ए. तृतीय वर्ष के छात्र सुरेंद्र कुमार रहे। स्वीप प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए अपने मताधिकार का उपयोग करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। साथ ही लोकतंत्र में चुनाव एवं वोट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मतदान के प्रति जागरुक रहने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. पवन कुमार एवं डॉ. निशा परवीन ने छात्र-छात्राओं को मतदान के महत्व व उपयोगिता को विस्तार से बताया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रेम प्रकाश की अध्यक्षता में स्वीप प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार द्वारा संचालित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी, छात्र संघ पदाधिकारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



