अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में ईवीसीएल क्रिकेट लीग फर्जीवाड़े का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार।

SSP नैनीताल के निर्देश पर काठगोदाम पुलिस की कार्रवाई, दो टीम मालिकों से 32 लाख की धोखाधड़ी।

हल्द्वानी (नैनीताल)। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम गौलापार में प्रस्तावित ईवीसीएल (एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग) के नाम पर हुए बहुचर्चित फर्जीवाड़े का एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने खुलासा किया है। इस मामले में काठगोदाम पुलिस ने दो टीम मालिकों से कुल 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी विकास ढाका को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अभियुक्त के लेनदेन से संबंधित दो बैंक खातों को फ्रीज कराया गया है।

दिनांक 05 फरवरी 2026 को वादी हेमंत शर्मा पुत्र रमेश चंद्र शर्मा, निवासी वार्ड संख्या 5, शहीदी पार्क के पास, लालसिंह कॉलोनी, झज्जर (हरियाणा) तथा वादी नारायण पाल, पूर्व विधायक सितारगंज, निवासी अंबिका विहार, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल द्वारा थाना काठगोदाम में तहरीर दी गई। तहरीर में बताया गया कि ईवीसीएल क्रिकेट लीग के मालिक विकास ढाका द्वारा लीग के आयोजन के नाम पर हेमंत शर्मा से 23 लाख रुपये तथा नारायण पाल से 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।

प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 13/2026 व 14/2026 अंतर्गत धारा 318(4) बीएनएस बनाम विकास ढाका पंजीकृत की गई।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आज दिनांक 06 फरवरी 2026 को मल्ला काठगोदाम से आरोपी विकास ढाका को गिरफ्तार किया।

अपराध का विवरण:
आरोपी विकास ढाका ने टीम मालिकों को बताया कि लीग में हरभजन सिंह, इरफान पठान, प्रवीण कुमार, मनप्रीत गोनी सहित अन्य अंतर्राष्ट्रीय एवं रणजी खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। हेमंत शर्मा द्वारा ईवीसीएल में ‘यूपी वॉरियर्स’ टीम खरीदी गई, जिसकी फ्रेंचाइजी फीस 50 लाख बताई गई थी, जिसे डिस्काउंट के नाम पर 30 लाख में तय किया गया। इसके एवज में हेमंत शर्मा द्वारा कुल 23 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

वहीं, नारायण पाल द्वारा ‘उत्तराखंड सोल्जर्स’ नाम से टीम खरीदी गई, जिसकी फ्रेंचाइजी फीस 50 लाख बताई गई थी। आरोपी द्वारा 10 लाख रुपये की छूट देकर सौदा तय किया गया। नारायण पाल द्वारा 3 लाख रुपये नकद तथा 6 लाख रुपये प्रचार-प्रसार में खर्च कर कुल 9 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

टूर्नामेंट की तिथि 01 फरवरी 2026 निर्धारित थी, लेकिन निर्धारित तिथि के बाद भी आयोजन शुरु नहीं हुआ। पूछताछ पर आरोपी द्वारा टाल-मटोल की गई। जाँच में सामने आया कि कथित अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को इस आयोजन की कोई जानकारी नहीं थी तथा न ही आयोजन से संबंधित कोई लोगो, ड्रेस या होर्डिंग्स तैयार की गई थी। इससे स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने पूर्व नियोजित तरीके से क्रिकेट लीग के नाम पर धोखाधड़ी कर धनराशि हड़प ली।

गिरफ्तार अभियुक्त:
विकास ढाका पुत्र यशवीर सिंह ढाका, उम्र 35 वर्ष, निवासी A-162, सेक्टर-नोएडा, उत्तर प्रदेश

पुलिस टीम में:
● उपनिरीक्षक दिलीप सिंह
● उपनिरीक्षक नीतू
● कांस्टेबल करतार सिंह शामिल रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *