स्याल्दे बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापा, कालातीत सामग्री बेचने पर दो दुकानों पर कार्रवाई।

स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। उप जिलाधिकारी भिकियासैंण याक्षी अरोड़ा के निर्देश पर गुरुवार को स्याल्दे बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। उक्त संयुक्त कार्रवाई प्रशासन, खाद्य सुरक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन एवं जिला पूर्ति विभाग की टीम द्वारा की गई।

निरीक्षण के दौरान कुल 11 खाद्य प्रतिष्ठानों की जाँच की गई। इस दौरान खाद्य कारोबारियों को खरीद-फरोख्त का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने तथा एक्सपायरी (कालातीत) सामग्री का विक्रय एवं भंडारण न करने के सख्त निर्देश दिए गए।

जाँच में दो प्रतिष्ठान मै. बसंत ट्रेडर्स स्याल्दे और मै. केके जनरल स्टोर स्याल्दे पर कालातीत खाद्य सामग्री बेचते पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत चालानी कार्रवाई की गई। उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा ने बताया कि उक्त मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।

संयुक्त टीम में तहसीलदार स्याल्दे सुनील दत्त सिमल्टी, थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद, पूर्ति निरीक्षक मोहित उपाध्याय तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार आदि शामिल रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *