बसर में नागरिक शिक्षा केन्द्र का विधिवत उद्घाटन, लोकपर्व फूलदेई के पूर्व दिवस पर हुआ आयोजन।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भारत ज्ञान विज्ञान समिति अल्मोड़ा के तहत नागरिक शिक्षा केन्द्र बसर (हवालबाग) का विधिवत उद्घाटन उत्तराखंड के लोकपर्व फूलदेई के पूर्व दिवस पर राजकीय इंटर कॉलेज बसर (हवालबाग) में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान की अधिष्ठात्री माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष भारत ज्ञान विज्ञान समिति के राज्य उपाध्यक्ष/जिलाध्यक्ष डॉ. विजया ढौढ़ियाल, जिला सचिव कृपाल सिंह शीला, समता सचिव भगवती गुसांई तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या चन्द्रकला वर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

इसके उपरांत विद्यालय की बालिकाओं द्वारा मंचस्थ अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया गया तथा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसी क्रम में नवभारत साक्षरता कार्यक्रम “उल्लास” के अंतर्गत ग्राम बसर व दरमाड़ की 11 महिलाओं को उल्लास कार्यक्रम के संबंध में दिशा-निर्देशन देते हुए बातचीत की गई और उन्हें उल्लास प्रवेशिका भी वितरित की गई।

उत्तराखंड के लोकपर्व फूलदेई पर विस्तार से बात रखते हुए डॉ. विजया ढौढ़ियाल ने इस लोकपर्व की वैज्ञानिकता के संबंध में बच्चों के बीच अपने विचार साझा किए। वहीं समता सचिव भगवती गुसांई ने अपने बचपन में फूलदेई पर्व को किस प्रकार मनाया जाता था, इस विषय में बच्चों से अनुभव साझा किए। भारत ज्ञान विज्ञान समिति के जिला सचिव कृपाल सिंह शीला ने अपने पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण पर जोर दिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या चन्द्रकला वर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी मंचस्थ अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकपर्व फूलदेई केवल एक दिन का त्योहार नहीं, बल्कि देई पूजन से जुड़ा वार्षिक उत्सव है।

कार्यक्रम के दौरान मंचस्थ अतिथियों व विद्यालय की बालिकाओं की उपस्थिति में समता स्मारिका–2026 “हमारा कारवाँ” का विमोचन भी किया गया।

इसके बाद विद्यालय के 30 परिवारों के बच्चों द्वारा ‘परिवार शैक्षिक सर्वेक्षण सूचना प्रपत्र’ भरे गए, जिनमें कक्षा-6 से 06, कक्षा-7 से 09, कक्षा-8 से 11, कक्षा-9 से 01, कक्षा-10 से 01 और कक्षा-11 से 02 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार दो परिवारों के माता-पिता निरक्षर पाए गए। सभी बच्चों को शपथ दिलाई गई कि वे अपने परिवार के निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने का प्रयास करेंगे।

विद्यालय की 10 बालिकाओं—राशि भट्ट, पूजा जोशी, काजल आर्या, हर्षिता, विनीता तिवारी, रिया, बीना, भावना, योगिता काण्डपाल और दीया आर्या द्वारा उत्तराखंड के पारंपरिक परिधान में फूलदेई की टोकरी तैयार की गई। इन सभी प्रतिभागियों को उनकी सजी हुई फूलों की टोकरी के लिए जिला अध्यक्ष डॉ. विजया ढौढ़ियाल द्वारा पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय बसर की प्रधानाध्यापिका हेमा लटवाल, राजकीय इंटर कॉलेज बसर से प्रवक्ता इतिहास ममता राणा, सहायक अध्यापक विज्ञान राजेन्द्र प्रसाद सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *