पूर्व प्रधानमंत्री तथा प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन, गुरुवार रात 9:51 बजे ली अंतिम सांस।
दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात 9 बजकर 51 मिनट पर ऐम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया है। 92 वर्षीय डॉ. मनमोहन सिंह की तबियत बिगड़ने पर रात 8 बजे उन्हें ऐम्स में लाया गया था। यहाँ डॉक्टरों के अथक प्रयास के बाद भी उन्होंने 9:51 बजे अंतिम सास ली। डॉ. मनमोहन सिंह वर्ष 2004 से 2014 भारत के लगातार दो बार प्रधानमंत्री रहे। 26 सितम्बर 1932 को पश्चिमी पंजाब आज के पाकिस्तान में जन्मे मनमोहन सिंह देश के प्रख्यात अर्थशास्त्री रहे है। 1972 से 1976 तक चीफ इकोनॉमिक सलाहकार, 1982 से 1985 तक भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर, 1985 से 1987 तक योजना आयोग उपाध्यक्ष रहे।
नरसिम्हा राव की सरकार में अर्थव्यवस्था के उदारीकरण में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है। 1991 में जब देश आर्थिक तंगी से जूझ रहा था, तब उन्हें वित्त मंत्री का दायित्व दिया गया तथा उदारीकरण की नीति शुरु की गई थी तथा देश को आगे बढ़ाया गया। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत तमाम नेताओं तथा विभिन्न क्षेत्र की जानी-मानी हस्तियों ने शोक जताया है।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण













