राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी की एनएसएस इकाई के विशेष शिविर का चतुर्थ दिवस आयोजित।

हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, किशनपुर, गौलापार की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सप्तदिवसीय “विशेष शिविर” के चतुर्थ दिवस के कार्यक्रम श्री हरि गोपाल बैंक्विट परिसर, किशनपुर, गौलापार में संपन्न हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः वंदना के साथ माँ शारदे के श्री चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद स्वयंसेवियों द्वारा सरस्वती वंदना, लक्ष्य गीत, अभिनंदन गीत के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। सहायक कार्यक्रम अधिकारी गौरव जोशी द्वारा चतुर्थ दिवस की रुपरेखा स्वयंसेवियों के समक्ष प्रस्तुत की गई।

समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं समाजसेवियों ने अपने-अपने वक्तव्यों के माध्यम से स्वयंसेवियों का आह्वान करते हुए समाज सेवा के प्रति जागरुक किया।

कार्यक्रम के शारीरिक सत्र के अंतर्गत सर्वप्रथम प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार ने सभी स्वयंसेवियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए अधिक से अधिक संख्या में सप्तदिवसीय विशेष शिविर में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। तत्पश्चात स्वयंसेवियों ने योग प्रशिक्षक चंद्रकला के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं व्यायाम किए।

इसके बाद स्वयंसेवियों ने एनएसएस गीत गाते हुए ग्राम कल्याणपुर एवं गंगापुर में जाकर “वन संरक्षण एवं जल संरक्षण” विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं जन-जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। साथ ही सभी स्वयंसेवियों द्वारा वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाते हुए साफ-सफाई की गई।

विशेष शिविर के बौद्धिक सत्र में सभी स्वयंसेवियों ने ग्राम गंगापुर स्थित हिमालय सेवा समिति द्वारा संचालित अनाथाश्रम एवं वृद्धाश्रम का भ्रमण कर अपनी सेवाएं प्रदान की। इस दौरान स्वयंसेवियों ने समिति द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

संस्थान के समन्वयक एवं समाजसेवी प्रकाश बिष्ट ने संस्थान द्वारा किए जा रहे समाज सेवा के कार्यों और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं मुख्य वक्ता चार्टर्ड अकाउंटेंट दिनेश पांडे ने छात्र जीवन और रोजगार से संबंधित उपयोगी जानकारी देकर स्वयंसेवियों को लाभान्वित किया।

विशिष्ट अतिथि प्रगतिशील कृषक एवं समाजसेवी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने प्राकृतिक खेती से संबंधित जानकारी देते हुए स्वयंसेवियों का मार्गदर्शन किया।

जलपान के अंतर्गत विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस पर सुबह नाश्ते में स्वयंसेवियों द्वारा चाय और दलिया तैयार किया गया। मध्याह्न भोजन में दाल, चावल, सब्जी, सलाद और रायता, जबकि रात्रि भोजन में रोटी, सब्जी, फ्राइड चावल और सलाद बनाया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना जोशी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और अभिभावकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस सहायक कार्यक्रम अधिकारी गौरव जोशी का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों सहित समस्त कर्मचारी, स्वयंसेवी एवं अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *