राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डभरा सल्ट में निःशुल्क आयुर्विद्या स्वास्थ्य शिविर का किया गया आयोजन।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। आयुर्वेद एक प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति है जो संतुलित जीवन और अनंत स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करती है। इस हेतु आयुर्वेद एवं योग के प्रचार-प्रसार हेतु आयुर्विद्या मिशन के अन्तर्गत आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग उत्तराखण्ड के तत्वावधान में आज शुक्रवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डभरा सल्ट में निःशुल्क आयुर्विद्या स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष क्वैराला की प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. नम्रता भट्ट पञ्चकर्म विशेषज्ञ द्वारा 25 विद्यार्थियों का संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियाँ वितरित की गई।
योग अनुदेशक हिमांशु पंत द्वारा छात्रों को योगाभ्यास करवाया गया। योग के नियमित अभ्यास से उत्तम स्वास्थय लाभ एवं मानसिक एकाग्रता की प्राप्ति आदि के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यालय में उपस्थित सभी छात्रों एवं शिक्षकों को आयुर्वेद चिकित्सा सिद्धांतों के आधार पर दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार, सम्यक् निद्रा संबंधी नियमों का पालन कर स्वस्थ जीवन यापन करने का निर्देश दिया। विरुद्ध आहार और उनके दुष्परिणाम, ऋतुचर्या के अनुसार पथ्यापथ्य भोजन के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विभिन्न चार्ट एवं वीडियो के माध्यम से उचित खान-पान तथा स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया।
चिकित्सालय द्वारा आयुर्वेदिक औषधियों के पौंधे भेंट किए गए तथा विद्यालय परिसर में अश्वगंधा, जामुन, नीम आदि का पौधारोपण भी किया गया। साथ ही इनके औषधीय गुणों से संबंधित जानकारी सभी को दी गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुभाष सिंह, प्राची, प्रेम आदि शिक्षिकों ने भी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का लाभ लिया। इस मौके पर प्रकाश चन्द्र काण्डपाल आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन करते हुए प्रधानाचार्य सुभाष सिंह ने आयुर्विद्या शिविर के आयोजक डाॅ. नम्रता भट्ट, हिमांशु पंत, प्रकाश चन्द्र काण्डपाल का धन्यवाद किया और छात्र-छात्राओं को योग आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को अपनाने के लिए प्रेरित किया। आयुर्विद्या मिशन का यह कार्यक्रम प्रतिदिन निकटवर्ती विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के माध्यम से ग्रामीणों तक आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से उपचार कराने का संदेश निरन्तर गतिमान है। चिकित्सकों की टीम बड़े अथक परिश्रम से इस कार्य को सफल बना रही है।



