जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट घोटाले में भाजपा सरकार ने सरकारी संपत्ति को बाबा रामदेव की कंपनियों को कौड़ी के दाम सौंपकर उत्तराखंड की जनता को लूटा, मोदी से धामी तक भाजपा की लूट की परंपरा है जारी।

– करन माहरा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष।

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राज्य की धामी सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट के पर्यटन विकास प्रोजेक्ट में हुआ टेंडर घोटाला भाजपा के क्रोनी कैपिटलिज्म का खुला सबूत है। यह राज्य का अब तक का सबसे बड़ा घोटाला है, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने बाबा रामदेव और उनके सहयोगी आचार्य बालकृष्ण से जुड़ी कंपनियों को 142 एकड़ मूल्यवान हेरिटेज भूमि मात्र 01 करोड़ रुपए वार्षिक किराए पर सौंप दी, जबकि इसकी बाजार कीमत 30,000 करोड़ रुपए से अधिक है।

करन माहरा ने कहा, कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड के माध्यम से दिसंबर 2022 में जारी टेंडर में साफ-साफ मिली भगत की। तीनों बोली लगाने वाली कंपनियां राजस एरोस्पोर्ट्स एंड एडवेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड, भारुवा एग्री साइंस प्राइवेट लिमिटेड और प्रकृति ऑर्गेनिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड प्रत्यक्ष रुप से आचार्य बालकृष्ण द्वारा नियंत्रित थी। यह टेंडर नियमों और एंटी-कोल्यूशन कानून का खुला उल्लंघन है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि, बाबा रामदेव के पतंजलि साम्राज्य को भाजपा सरकार का विशेष संरक्षण प्राप्त है। एशियन डेवलपमेंट बैंक से 23.5 करोड़ रुपए के ऋण से विकसित इस प्रोजेक्ट को बालकृष्ण की कंपनी को सौंपकर राज्य की जनता को ठगा गया है। कंपनी की आय 8 गुना बढ़ गई, लेकिन राज्य को न्यूनतम राजस्व मिला।

मुख्यमंत्री धामी और उनके अधिकारी इस घोटाले के जिम्मेदार हैं, जिन्होंने साझा शेयर धारिता को नजरअंदाज किया है। करन माहरा ने यह भी कहा कि यह ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। भारतीय जनता पार्टी की सत्ता के दौरान मोदी सरकार से लेकर धामी सरकार तक अनेक सरकारी संस्थानों और उद्योगों को निजी हाथों में सौंपने के लिए अनैतिक हथकंडे अपनाए गए हैं। अपने करीबियों को लाभ पहुंचाने के लिए सट्टा और गुप्त सौदों का भरपूर उपयोग किया गया।

यह मामला साफ दिखाता है कि भाजपा सरकार जनता की संपत्ति को अपने चहेतों को भेंट करने में लगी है। उन्होंने मांग की है, कि इस घोटाले की हाईकोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच होनी चाहिए। भाजपा सरकार ने उत्तराखंड को लूट का अड्डा बना दिया है। भर्ती घोटाले, पेपर लीक से लेकर अब पर्यटन घोटाले तक। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और जनता को न्याय दिलाएगी।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे राज्य का सबसे बड़ा जमीन घोटाला करार देते हुए भाजपा नेताओं, बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण से जुड़े लोगों पर तत्काल कार्रवाही की मांग की है।

रिपोर्टर- रिया सोलीवाल