अम्बेडकर जयंती पर इंटर कॉलेज चित्रकूट में भव्य आयोजन, प्रतियोगिताएं व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित।
स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। आगामी 14 अप्रैल 2026 को भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर इंटर कॉलेज चित्रकूट, स्याल्दे में विविध शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में उत्तराखंड जन कल्याण समिति के राष्ट्रीय संयोजक सुनील टम्टा द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्र के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. अंबेडकर के जीवन परिचय, उनके संघर्ष, संविधान, लोकतंत्र तथा सामान्य ज्ञान विषयों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इसके साथ ही आयोजन को सफल बनाने हेतु सांस्कृतिक विभाग, अल्मोड़ा से सांस्कृतिक टीम की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा 14 एवं 15 अप्रैल 2026 को दो दिवसीय बहुद्देशीय शिविर आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा गया है।
जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से मुख्य शिक्षा अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे इस आयोजन के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों में जागरुकता बढ़ाने का माध्यम बनेगा, बल्कि डॉ. अंबेडकर के विचारों एवं योगदान को जन-जन तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



