महाशिवरात्रि पर भिकियासैंण में गूंजा “हर-हर महादेव”, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर नगर पंचायत भिकियासैंण सहित आस-पास के सभी देवालयों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलाभिषेक कर भगवान शिव की आराधना की। प्रातःकाल से ही मंदिरों में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे और भक्तों की लंबी कतारें देखी गई।
नगर के पौराणिक शिव नीलेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही जलाभिषेक करने वालों की भारी भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने दूध, गंगाजल, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और रुद्राभिषेक का आयोजन भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इसी प्रकार रुद्रेश्वर महादेव सनणा मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना कर परिवार की मंगलकामना की। दिनभर मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर में विशेष साफ-सफाई और सजावट की गई थी। सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरे दिन मुस्तैद रहा। प्रशासन की सतर्कता के चलते पर्व शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया और क्षेत्र में सुख-शांति व समृद्धि की प्रार्थना की।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




















