पूर्व सीएम हरीश रावत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को किया संबोधित, भाजपा सरकार पर साधा निशाना।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने विगत सोमवार को अपने गृह क्षेत्र भिकियासैंण का भ्रमण किया। उन्होंने शिल्पकार भवन भिकियासैंण में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए एकजुट होकर भाजपा सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाने का जोरदार आह्वान किया।
पूर्व सीएम रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था चौपट हो चली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में क्षेत्र में विकास को जो गति मिली थी, वह आज भाजपा सरकार में थम गई है और सड़कों की हालत खस्ता हो चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हमेशा जनता को छलने का काम किया है और अब इसे उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के काले कारनामों को जनता के बीच ले जाकर कांग्रेस को मजबूत करना होगा, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मजबूती से भाजपा को सत्ता से बाहर करने का काम कर सके।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष दीपक बिष्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक करगेती, भगवती आर्या, जेपी रिखाड़ी, नीमा नेगी, पूरन मावड़ी, नंदन रावत, प्रधान चन्द्र प्रकाश, रामसिंह, चंद्रशेखर आर्या, चंदन सिंह, प्रताप सिंह, गंगा सिंह, प्रकाश चंद्र, श्याम सिंह, त्रिभुवन सिंह, नरेंद्र नेगी, शंभू जीना, नितिन बिष्ट आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भ्रमण के दौरान दिवंगत शिक्षिका मीना उप्रेती के परिजनों से नगर पंचायत भिकियासैंण के वार्ड-दो स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया। मीना उप्रेती के निधन पर उन्होंने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति सहानुभूति जताई।
इस दौरान मौजूद लोगों ने पूर्व सीएम के समक्ष सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मानकों के अनुसार सुविधाओं के अभाव तथा स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की तैनाती नहीं होने का मामला भी उठाया। साथ ही लचर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लोगों ने सरकार के प्रति नाराजगी जताई।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल









