इलाहाबाद विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन प्रशिक्षण सम्पन्न, उत्तराखंड के 40 प्राध्यापकों ने किया सहभाग।
हल्द्वानी (नैनीताल)। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ज्ञान, प्रेरणा और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला, जब दिनांक 16 से 21 फरवरी 2026 तक इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आयोजित उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन प्रशिक्षण शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम, उच्च शिक्षा उत्तराखंड सरकार द्वारा अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। इस महत्त्वपूर्ण आयोजन में उत्तराखंड के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से आए 40 प्राध्यापकों ने सक्रिय सहभागिता कर यह सिद्ध किया कि शिक्षक जब सीखने निकलता है, तो वह स्वयं एक प्रेरणा बन जाता है।
प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिभागियों ने प्रयागराज के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक स्थलों — त्रिवेणी संगम, इलाहाबाद किला, आनंद भवन, खुसरो बाग, इलाहाबाद संग्रहालय तथा चंद्रशेखर आजाद पार्क, अरेल पार्क एवं सोमेश्वर महादेव का शैक्षिक अवलोकन किया। इन स्थलों के भ्रमण ने शिक्षकों को भारतीय इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन और सांस्कृतिक विरासत की गहराई से परिचित कराया।
साथ ही प्रतिभागियों ने वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर एवं सारनाथ का दर्शन कर आध्यात्मिक चेतना और ज्ञान परंपरा का भी अनुभव प्राप्त किया।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आशीष खरे तथा यूजीसी एमएमटीटीसी के निदेशक प्रो. प्रकाश जोशी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। अपने प्रेरक उद्बोधनों में उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं और निरंतर प्रशिक्षण ही उन्हें समयानुकूल, नवाचारी और प्रभावशाली बनाता है।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्राध्यापकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे ज्ञान, संस्कृति और प्रेरणा का अद्वितीय संगम बताया। आयोजन के नोडल अधिकारी डॉ. अरुण कुमार चतुर्वेदी, हल्दूचौड़ ने प्रभावशाली एवं कुशल संचालन से पूरे कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित बनाए रखा।
अंततः यह आयोजन केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि शिक्षकों के भीतर नवचेतना, नवदृष्टि और शैक्षणिक उत्कृष्टता का दीप प्रज्वलित करने वाला ऐतिहासिक अवसर सिद्ध हुआ — जिसकी प्रेरणा प्रतिभागियों के शिक्षण कार्य और विद्यार्थियों के भविष्य दोनों को आलोकित करती रहेगी।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




