महाविद्यालय कुणीधार मानिला में मनाया गया हिन्दी सप्ताह दिवस।

भिकियासैंण। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुणीधार मानिला में प्रभारी प्राचार्य डॉ. गोरखनाथ के मार्गदर्शन में हिंदी विभाग द्वारा ‘हिंदी सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर छात्र – छात्राओं में हिंदी भाषा में लेखन, श्रवण, चिंतन व आलोचनात्मक कौशल के विकास हेतु महाविद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम में सूक्ति लेखन प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, हिंदी भाषा में हस्ताक्षर अभियान आदि रहे।

इन समस्त प्रतियोगिताओं में हिंदी विभाग में अध्ययनरत छात्र – छात्राओं के साथ-साथ महाविद्यालय के अन्य समस्त छात्र-छात्राओं द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया जा रहा है। प्रतियोगिताएं डॉ. गार्गी लोहनी, विभाग प्रभारी हिंदी विभाग व प्राध्यापिका डॉ. भावना अग्रवाल हिंदी विभाग के संयोजन में संपन्न की जा रही हैं। विभाग प्रभारी ने महाविद्यालय के छात्रों को हिंदी भाषा के महत्व से अवगत करवाया और दैनिक बोलचाल में हिंदी को अपनाने पर बल दिया। प्राध्यापिका डॉ. भावना अग्रवाल ने छात्रों को हिंदी भाषा की महत्ता से अवगत कराते हुए, उसके अधिकाधिक प्रयोग हेतु प्रेरित किया। प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की सराहना कर उनका उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं व कर्मचारी उपस्थित रहे।



