भिकियासैंण में होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया, घर-घर गूंजे होली के गीत।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण सहित आस-पास के सभी क्षेत्रों में होली का रंगों भरा त्यौहार बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला और लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दी।

होली के अवसर पर पुरुषों और महिलाओं की अलग-अलग टोलियाँ बनाई गई, जिन्होंने पारंपरिक होली गीत गाते हुए घर-घर जाकर लोगों को होली की बधाई दी। ढोलक और मंजीरे की धुन पर लोग जमकर थिरकते नजर आए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में उत्साह देखने को मिला।

महिलाओं की टोलियों ने पारंपरिक कुमाऊँनी होली गीत गाकर माहौल को और भी रंगीन बना दिया। वहीं युवाओं ने भी रंग-गुलाल के साथ होली का भरपूर आनंद लिया। पूरे क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सौहार्द का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।

इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर मिठाइयाँ बांटी और खुशियाँ साझा कीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि होली केवल रंगों का ही नहीं बल्कि प्रेम, भाईचारे और एकता का भी पर्व है, जो समाज को आपस में जोड़ने का कार्य करता है।

त्यौहार के अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा तथा लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होली का पर्व मनाया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *