रन फॉर ओपीएस 2 मार्च की तैयारी के लिए हुई आवश्यक बैठक।
भिकियासैंण। रन फॉर ओपीएस 2 मार्च की तैयारी के लिए आवश्यक बैठक शुक्रवार को विकासखंड के सभागार में एनएमओपीएस के ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम प्रकाश जोशी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों पर विचार विमर्श हुआ। नव मनोनीत कोषाध्यक्ष प्रकाश भट्ट का सभी लोगों ने स्वागत किया तथा विधिवत उन्हें कार्यभार दिया गया।
बैठक में तय किया गया कि 2 मार्च को सभी लोग प्रातः 8:30 बजे जीआईसी मैदान भिकियासैंण में उपस्थित होंगे। साढ़े नौ बजे पनपोला पुल तक रैली के रुप में चलकर आरम्भ बिन्दु पर उपस्थित अधिकारियों के द्वारा उद्बोधन के पश्चात रिब्बन काटकर शुभारम्भ किया जाएगा व गुनसर रोड मोड़ तक रेस होगी। आरम्भ बिन्दु पर धावक को एक परिचयात्मक प्रतीक दिया जाएगा, जिसे गुनसर मोड़ पर उपस्थित व्यवस्थापकों से बदलकर वापस आरम्भ बिन्दु पर पहुंचना होगा।
प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त धावकों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। कार्यक्रम में सभी विभागों का सहयोग मिल रहा है। 256 लोगों ने गूगल फॉर्म भरकर उत्साह पूर्वक कार्यक्रम में प्रतिभागिता की सहमति प्रदान की गई। बैठक में अध्यक्ष प्रेम प्रकाश जोशी, उपाध्यक्ष ललित मोहन जोशी, ज्ञान रावत, मनोरमा ध्यानी, गौरव रावत (अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ), राजेंद्र सिंह, प्रकाश चंद्र, नवीन चन्द्र, विपिन चंद्र, हेमन्त कुमार, कुबेर मावड़ी, हेमा रावत, प्रेमा लखचौरा, महेश चंद्रा, अमित कुमार आदि लोग उपस्थित थे।
बैठक का संचालन बालादत्त शर्मा और राजेंद्र घुघत्याल ने किया। सभी वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों के लिए अपना कर्तव्य करते हुए सुरक्षित बुढ़ापे के लिए पुरानी पेंशन बहाली ही एक मात्र लक्ष्य है। हमें अन्य कोई भी पॉलिसी कदापि मंजूर नहीं है। 2 मार्च के कार्यक्रम के सफल बनाने के लिए शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी संगठन ने सभी कार्मिकों से प्रतिभाग करने हेतु अपील की है। भिकियासैंण ब्लॉक में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में संगठन के अन्य ब्लॉकों, जनपद और मंडल कार्यकारिणी पदाधिकारियों के साथ ही निकटवर्ती ब्लॉकों के सदस्य भी प्रतिभाग कर रहे हैं।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण






