राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर नागरिक शिक्षा केन्द्र का उद्घाटन, बाल वैज्ञानिकों ने किए आकर्षक विज्ञान प्रयोग।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भारत ज्ञान विज्ञान समिति भिकियासैंण के तत्वावधान में नागरिक शिक्षा केन्द्र बासोट का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन अवसर पर रा.आ.प्रा.वि. बासोट, आर.सी.एम. पब्लिक स्कूल बासोट तथा रा.उ.मा.वि. बासोट के बाल वैज्ञानिकों ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में छोटे-छोटे विज्ञान प्रयोग प्रस्तुत किए। इस अवसर पर महान भौतिक विज्ञानी सी. वी. रमन को विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए स्मरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नन्दकिशोर उप्रेती ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान प्रयोगों की सराहना करते हुए उन्हें विज्ञान को स्वयं प्रयोगों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित किया। मंचस्थ अतिथि रामदत्त उप्रेती ने आमजन के जीवन को सहज एवं सरल बनाने में विज्ञान की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार साझा किए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक डी.एस. गिरी जी ने प्रो. रमन की महत्वपूर्ण खोज ‘रमन प्रभाव’ के विषय में जानकारी प्रदान की। शिक्षक ताज दार अंसारी एवं ज्योति गोस्वामी ने भी बच्चों को विज्ञान की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
बाल वैज्ञानिकों ने स्थानीय संसाधनों का उपयोग करते हुए प्रभावशाली प्रयोग प्रस्तुत किए। भगीरथ प्रकाश ने नींबू के रस से लिखे गुप्त संदेश को आग के ऊपर रखने पर उसे पढ़ने का प्रयोग दिखाया। प्रिन्स नेगी ने उत्प्लावन बल का प्रदर्शन किया। सोम्या ने गुब्बारे में सुई चुभोने पर वायु के तीव्र प्रवेश से उसके फूटने की प्रक्रिया समझाई। तनु ने बताया कि वायु किस प्रकार आग जलाने में सहायक होती है। रक्षिता ने रासायनिक परिवर्तन, दीपिका ने पारदर्शी, अपारदर्शी एवं अल्पपारदर्शी वस्तुओं का अंतर, आदि कुमार ने ‘कार्य’ की परिभाषा, दृष्टि ने विलेय, विलायक एवं विलयन की संकल्पना तथा जानकी ने शाक, झाड़ी और पेड़ के बीच का अंतर समझाया। रा. कन्या हाईस्कूल बासोट से जानवी डंगवाल ने कंघी को रगड़कर कागज के छोटे टुकड़ों के पास ले जाने पर उनके चिपकने का प्रयोग प्रस्तुत किया।
इसके अतिरिक्त आर.सी.एम. पब्लिक स्कूल बासोट से पीयूष नेगी एवं मयंक बेलवाल ने प्रो. चन्द्रशेखर वेंकटरमन के विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। सभी बच्चों ने अपने प्रयोगों का सुंदर एवं प्रभावी प्रस्तुतीकरण स्थानीय उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से किया।
कार्यक्रम के अंत में भारत ज्ञान विज्ञान समिति ब्लॉक इकाई भिकियासैंण द्वारा सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर देवन्ती देवी, गीता देवी, जानवी डंगवाल, प्रिन्स नेगी, खुशी, सोम्या, तनु, रक्षिता एवं हर्षित की सक्रिय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का संचालन कार्यशाला संयोजक कृपाल सिंह शीला ने किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु मंचस्थ अतिथियों, समस्त गुरुजनों एवं सभी प्रतिभागी बच्चों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




