प्रवेश के साथ-साथ, नवीन शिक्षण सत्र हेतु दिनांक 11 तथा 12 जुलाई 2024 को होगी इंडक्शन मीटिंग।

हल्द्वानी। एम. बी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्द्वानी नैनीताल में आज दिनांक 11 जुलाई 2024 से नए शिक्षण सत्र 2024-25 हेतु प्रवेश एवं शिक्षण कार्य की गतिविधियों को संचालित करने हेतु एक आवश्यक बैठक प्राचार्य की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में निम्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत नए छात्र-छात्राओं को दिनांक 11 से 14 जुलाई 2024 तक मूल अभिलेखों के सत्यापन के उपरांत महाविद्यालय की वेबसाइट पर अंकित मेरिट लिस्ट के क्रम में प्रवेश प्रक्रिया गतिमान की जाएगी, जिसके लिए मेरिट लिस्ट दिनांक 11 जुलाई 2024 तक महाविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। छात्र-छात्रा मेरिट लिस्ट में चयनित होने पर महाविद्यालय के ऑनलाइन आवेदन पत्र को भरकर समर्थ आवेदन के साथ समस्त मूल अभिलेखों के साथ महाविद्यालय पहुंचकर अपने डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करा सकते हैं।

बी.ए. में प्रवेश ले रहे विद्यार्थियों को यह बात का ध्यान रखना है कि वे राजनीति शास्त्र, इतिहास तथा अंग्रेजी विषय को छोड़कर अन्य विषयों का चयन करते हुए प्रवेश ले सकते हैं। वे छात्र-छात्राऐं जिन्होंने अध्यतन महाविद्यालय में प्रवेश ले लिया है उनके लिए दिनांक 11 तथा 12 जुलाई 2024 को महाविद्यालय के लाल बहादुर शास्त्री सभागार में इंडक्शन मीटिंग का आयोजन किया जा रहा है जिसमें छात्र-छात्राओं को नवीन राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरुप क्रेडिट सिस्टम, विषयों का चयन, कौशल विकास पाठ्यक्रम, सहगामी पाठ्यक्रम आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ किस प्रकार छात्र छात्राएं समर्थ पोर्टल के माध्यम से अपने प्रोफाइल को अपडेट करते हुए परीक्षा आवेदन पत्र भर सकते हैं, इसके विषय में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

इंडक्शन मीटिंग के दौरान विज्ञान के विद्यार्थियों को प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा कला संकाय के विद्यार्थियों को 12:00 से 2:00 तक विभिन्न प्राध्यापकों द्वारा उनके संबंधित विषयों के साथ-साथ कौशल विकास तथा सहगामी पाठ्यक्रम और नैतिक मूल्य से संबंधित पाठ्यक्रमों के विषय में विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। एम. बी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्द्वानी के लिए समर्थ पोर्टल के माध्यम से बी.एस.सी. गणित वर्ग के हेतु 830, बी.एस.सी. बायो वर्ग हेतु 856, बी.कॉम. हेतु 1294 तथा बी.ए. हेतु 3384 विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन किया हैं, जिसमें दिनांक 25 जून से 9 जुलाई 2024 तक बी.एस.सी. गणित में 144 बी.एस.सी. बायो वर्ग में 185, बी.कॉम. में 232, तथा बी.ए. में 580 विद्यार्थियों ने स्वयं को एम. बी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्द्वानी हेतु पंजीकृत किया है जिनके लिए प्रवेश प्रक्रिया दिनांक 11 से 14 जुलाई 2024 तक संपन्न की जाएगी। अधिक जानकारी हेतु छात्र – छात्राएं महाविद्यालय के प्रवेश कक्ष में संपर्क कर सकते हैं।

उक्त मीटिंग में प्रवेश प्रभारी प्रोफेसर अमित कुमार, तकनीकी संयोजक डॉक्टर नवल किशोर लोहनी, डॉक्टर रोहित कुमार कांडपाल, डॉक्टर ममता अधिकारी, श्री श्याम मेवाड़ी, परीक्षा प्रभारी डॉक्टर महेश कुमार, इग्नू समन्वयक प्रो. कमरुद्दीन तथा प्राचार्य प्रोफेसर एन. एस. बनकोटी आदि उपस्थित रहे।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *