देघाट क्षेत्र में चला सघन सत्यापन अभियान, बनाई गई पुलिस टोलिया।
भिकियासैंण। थानाध्यक्ष देघाट के नेतृत्व में सत्यापन को लेकर अभियान चलाकर पुलिस टोलिया बनाई गई। बिना सत्यापन के मजदूर रखने पर लापरवाह ठेकेदार का ₹5000/- का चालान किया गया। वहीं बिना सत्यापन फेरी लगा रहे 3 बाहरी लोगो का भी चालान किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा अल्मोड़ा द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रान्तर्गत सत्यापन अभियान चलाकर बाहरी राज्यों, जनपदों से जनपद में कार्यरत, निवासरत बाहरी व्यक्तियों, किराएदारों, मजदूरों, फड़ फेरी व रेड़ी, ठेला लगाने वाले व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने एवं बिना सत्यापन किराएदार, मजदूर रखने पर सम्बन्धित के विरुद्ध कार्यवाही हेतु सख्त निर्देश दिए गए है।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह व सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में आज रविवार को प्रातः थानाध्यक्ष देघाट दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में पुलिस टोलियों ने जगह-जगह सघन सत्यापन अभियान चलाया, जिसमें करीब 105 किराएदार व मजदूरों का सत्यापन किया गया। लोगों को हिदायत दी गई कि किराएदारों व मजदूरों का सत्यापन अति शीघ्र करा लें अन्यथा विधिक कार्यवाही की जाएगी।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण






