फाइनल में पहुंची विनेश फोगाट को अयोग्य करार घोषित किए जाने पर किसान महासभा ने की कड़ी निन्दा।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भारतीय किसान महासभा ने पेरिस ओलंपिक खेल की कुश्ती वर्ग में बहादुरी से लड़ते हुए फाइनल में पहुंची विनेश फोगाट को अयोग्य करार देने की कड़ी निंदा की है। किसान महासभा ने इस पूरे प्रकरण के लिए भारतीय ओलंपिक संघ और भारत सरकार के रवैये की भी निंदा की है।

प्रदेश अध्यक्ष अखिल भारतीय किसान महासभा के आनन्द सिंह नेगी ने कहा कि मीडिया में चल रहे विनेश फोगाट के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से पता चलता है कि भारतीय कुश्ती संघ और ओलंपिक संघ के कई अधिकारी उन्हें ओलंपिक में जाने से रोकने के प्रयास में थे। देश की जनता यह भी भली-भांति जानती है कि केंद्रीय सत्ता के चहेते बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के लिए आवाज उठाने वाली विनेश फोगाट पहले से ही मोदी सरकार की आंखों की किरकिरी बनी हुई थी।

देश के नाम को रोशन करने वाली विनेश फोगाट के कुश्ती से सन्यास लेने के फैसले पर गहरा दु:ख जताते हुए किसान महासभा ने उन्हें देश की महान खिलाड़ी बताया। किसान महासभा और देश का किसान हर स्थिति में विनेश फोगाट के साथ खड़ा है। विनेश को चाहे ओलंपिक संघ ने अयोग्य करार देकर उसके मैडल छीन लिए हों, पर भारत की जनता के दिलों में एक ओलंपिक स्वर्ण विजेता की बनी उनकी जगह को कोई नहीं छीन सकता है।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *