राजकीय महाविद्यालय दुगनाकुरी में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम का शुभारंभ, छात्रों को दी विस्तृत जानकारी।
दुगनाकुरी (बागेश्वर)। राजकीय महाविद्यालय दुगनाकुरी में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम (PMIS) के तहत एक विशेष जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हरि ओम प्रकाश सिंह द्वारा की गई।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अजय आर्या (असिस्टेंट प्रोफेसर, अंग्रेजी) ने विद्यार्थियों को इस योजना के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं, निर्धारित पात्रता, प्रतिमाह मिलने वाली स्टाइपेंड सुविधा एवं ऑनलाइन पंजीकरण करने की चरणबद्ध प्रक्रिया के विषय में सविस्तार जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. गोपाल राम, असिस्टेंट प्रोफेसर (हिंदी) ने इस योजना के दूरगामी उद्देश्यों और लाभ को बताते हुए सभी विद्यार्थियों को इस योजना में पंजीकरण कराने हेतु प्रेरित किया।
डॉ. प्रफुल्ल गुप्ता, असिस्टेंट प्रोफेसर (समाजशास्त्र) ने कहा कि 6 सेमेस्टर के छात्रों को इस योजना में प्रतिभाग अवश्य करना चाहिए, क्योंकि यह योजना उनके करियर को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
महाविद्यालय के प्राचार्य महोदय ने छात्रों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए कहा कि यह योजना पूरे भारतवर्ष में संचालित हो रही है और छात्र-छात्राएं देश का भविष्य होते हैं, इसलिए इस प्रकार की योजनाओं में उन्हें जरुर प्रतिभाग करना चाहिए, जिससे कि हमारा देश आने वाले समय में उन्नति की ओर अग्रसर हो।
उक्त कार्यक्रम में योगाचार्य चंद्र मोहन पंत एवं मुकेश कुमार आर्य, ललित सिंह, कैलाश राम, नवीन राम, दीपा देवी, वीरेंद्र गिरी गोस्वामी व महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।



